बिजनेस

FD Rates Offer: FD पर 8% से ज्यादा ब्याज की पेशकश! जानिए SBI-HDFC से ज्यादा रिटर्न देने वाले बैंकों के नाम

FD में निवेश को लोग अक्सर सुरक्षित और तय रिटर्न के लिए पसंद करते हैं, लेकिन हर बैंक की ब्याज दर एक जैसी नहीं होती। कुछ बैंक इस समय FD पर 8% या उससे ज्यादा ब्याज ऑफर कर रहे हैं।

Image

बैंक एफडी

अगर आप शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम उठाए बिना निश्चित रिटर्न चाहते हैं, तो फिक्स्ड डिपॉजिट एक बेहतर विकल्प है। आप बचत का पैसा एफडी में डालकर फिक्स रिटर्न पा सकते हैं। लेकिन सवाल यह है कि कहां एफडी का पैसा लगाया जाए? अगर आप ज्यादा रिटर्न चाहते हैं तो सरकारी बैंकों के मुकाबले स्मॉल फाइनेंस बैंक एक बेहतर विकल्प है। मौजूदा समय में कई स्मॉल फाइनेंस बैंक एफडी पर 8% से ज्यादा की ब्याज पेशकश कर रहे हैं। हालांकि, यह बताना जरूरी है कि सरकारी बैंकों के मुकाबले स्मॉल फाइनेंस बैंक में निवेश पर जोखिम थोड़ा अधिक होता है।

बैंकसामान्य नागरिकों के लिए अधिकतम ब्याजवरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिकतम ब्याज
सूर्योदय SFB8.25%8.50%
शिवालिक SFB8.00%8.50%
जना SFB8.00%8.30%
उज्जीवन SFB7.80%8.30%
उत्कर्ष SFB8.10%8.25%
यूनिटी SFB8.00%8.50%

क्या स्मॉल फाइनेंस बैंक में एफडी करना सही?

बैंकिंग सेक्टर के जानकारों का कहना है कि स्मॉल फाइनेंस बैंक में ब्याज दर ज्यादा आकर्षक लग सकती है, लेकिन निवेशकों को सिर्फ़ हेडलाइन रेट के आधार पर फैसला नहीं करना चाहिए। सबसे पहले समय-सीमा (टेन्योर) पर ध्यान देना जरूरी है। उदाहरण के लिए, सूर्योदय बैंक की 8.25% की दर 5 साल की जमा राशि पर मिलती है। ऐसे में जो निवेशक 5 साल के लिए अपना पैसा लॉक नहीं करना चाहते, उनके लिए यह विकल्प सही है। लेकिन जो कम समय के लिए निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए सही नहीं है।

दूसरी जरूरी बात है डिपॉजिट इंश्योरेंस (जमा राशि का बीमा)। बैंकों में जमा राशि का बीमा 'डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन' (DICGC) करता है। यह बीमा हर बैंक में हर जमाकर्ता के लिए ₹5 लाख तक (मूलधन और ब्याज सहित) होता है। इसलिए किसी भी स्मॉल फाइनेंस बैंक या बैंक में एफडी कराते समय इस बात का ख्याल रखें। किसी भी बैंक में अधिकतम निवेश की रकम 5 लाख से अधिक नहीं रखें।

ब्याज का रिटर्न पर कितना असर

₹1 लाख के एफडी पर, 8.50% की सालाना साधारण ब्याज दर से एक साल में टैक्स से पहले लगभग ₹8500 का ब्याज मिलेगा, जबकि 6.50% की दर पर यह लगभग ₹6500 होगा। यानी अगर आपको एफडी पर ज्यादा ब्याज मिलता है तो यह तय है कि आपको मैच्योरिटी पर ज्यादा पैसा हाथ में आएगा।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article