बिजनेस

MSME की मुश्किलें बढ़ा सकता है अमेरिका का 25% टैरिफ, FICCI-CMSME अध्यक्ष ने जताई चिंता

अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर प्रस्तावित 25 प्रतिशत टैरिफ देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकता है। FICCI-CMSME अध्यक्ष की अध्यक्ष हरजिंदर कौर तलवार ने इस पर चिंता जताई है।

Image

अमेरिका के प्रस्तावित 25% टैरिफ को झेल नहीं पाएंगे MSME (AI Generated Image)

अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर प्रस्तावित 25 प्रतिशत टैरिफ का असर देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) पर पड़ सकता है। छोटे कारोबारों के लिए इस शुल्क का बोझ उठाना आसान नहीं होगा। दरअसल, ज्यादातर MSME पहले से ही कम मुनाफे के साथ अपना कारोबार चला रहे हैं। ऐसे में अगर अमेरिका 25 प्रतिशत टैरिफ लागू करता है, तो भारतीय छोटे उद्योगों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में टिके रहना मुश्किल हो सकता है।

व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए हो निष्पक्ष

फिक्की-सीएमएसएमई (FICCI-CMSME) की अध्यक्ष हरजिंदर कौर तलवार ने इस प्रस्ताव पर चिंता जताई है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होना चाहिए, लेकिन इसकी शर्तें दोनों देशों के लिए निष्पक्ष होनी चाहिए। भारत किसी भी कीमत पर व्यापार समझौता नहीं करना चाहता।

तलवार के मुताबिक, भारत और अमेरिका दोनों ही महत्वपूर्ण रणनीतिक और कारोबारी साझेदार हैं। दोनों देशों के बीच बड़े स्तर पर व्यापार होता है। भारत अमेरिका के साथ व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना चाहता है, लेकिन ऐसा समझौता नहीं होना चाहिए जिससे भारतीय छोटे कारोबारों को नुकसान उठाना पड़े।

MSME की मुश्किलें बढ़ा सकता है 25 प्रतिशत टैरिफ प्रस्ताव

उन्होंने कहा कि अगर 25 प्रतिशत टैरिफ लागू रहता है तो MSME के सामने कई तरह की चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। इन कारोबारों का मुनाफा पहले से ही सीमित है। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लगने से उनके उत्पाद महंगे हो सकते हैं और अमेरिकी बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धा कमजोर पड़ सकती है। इसका असर कारोबार की कमाई और संचालन पर भी हो सकता है।

दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने बुधवार को भारतीय वस्तुओं पर कुछ छूट के साथ 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव विनिर्माण क्षेत्र में उत्पादन क्षमता और अतिरिक्त उत्पादन से जुड़े मामलों की जांच के बाद आया है।

शुल्क में राहत का रास्ता भी मौजूद

हालांकि, अमेरिका ने शुल्क में राहत का रास्ता भी बताया है। USTR के अनुसार, अगर भारत अमेरिका के साथ पारस्परिक व्यापार समझौता (Agreement on Reciprocal Trade) करता है और जांच में उठाए गए मुद्दों का समाधान करता है, तो टैरिफ को घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है।

इस प्रस्ताव में भारत के अलावा कंबोडिया और इंडोनेशिया जैसे देश भी शामिल हैं। वहीं, बांग्लादेश के उत्पादों पर 18 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव है।

MSME अपनी तकनीकी क्षमताएं बढ़ाने पर दे ध्यान

तलवार ने यह भी कहा कि भारतीय MSME को अपनी तकनीकी क्षमताएं बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। बेहतर तकनीक अपनाने से उत्पादों की गुणवत्ता और काम करने की क्षमता बढ़ेगी। इससे छोटे उद्योग विदेशी कंपनियों से मुकाबला कर सकेंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहुंच मजबूत बना पाएंगे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article