EPFO Online Grievance Guide : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों अंशधारकों के लिए पीएफ खाते से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान अब बेहद आसान हो गया है। अक्सर देखा जाता है कि पीएफ क्लेम अटकने, केवाईसी (KYC) अपडेट न होने या खाते में गलत बैलेंस दिखने की वजह से नौकरीपेशा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन सभी शिकायतों के तुरंत और पारदर्शी समाधान के लिए EPFO के पास एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल 'EPFiGMS' (EPFO Grievance Management System) मौजूद है, जिसके जरिए आप घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
EPFO पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की आसान प्रक्रिया
अगर आपको अपने पीएफ खाते या पेंशन से जुड़ी कोई शिकायत दर्ज करानी है, तो आप नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन कर सकते हैं:-
- पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले EPFO के शिकायत पोर्टल ([https://epfigms.gov.in](https://epfigms.gov.in)) पर जाएं।
- कैटेगरी का चयन करें: 'Register Grievance' (शिकायत दर्ज करें) के विकल्प पर क्लिक करें और अपनी श्रेणी चुनें, जैसे PF Member, EPS pensioner, employer, या Others। अगर आपके पास UAN, Establishment नंबर या PPO नंबर नहीं है, तो आप 'Others' का विकल्प चुन सकते हैं।
- जरूरी डिटेल भरें: अपना Universal Account Number (UAN), पर्सनल डिटेल और नियोक्ता (Employer) से जुड़ी जानकारी दर्ज करें।
- समस्या और दस्तावेज जोड़ें: अपनी समस्या की कैटेकरी चुनें और अगर कोई सपोर्टिंग दस्तावेज हो, तो उसे पोर्टल पर अपलोड करें।
- फॉर्म जमा करें: सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें।
- रेफरेंस नंबर नोट करें: फॉर्म सबमिट होते ही आपको एक 'रेफरेंस नंबर' (Reference Number) मिलेगा। इसकी मदद से आप अपनी शिकायत के समाधान की स्थिति (Status) को ट्रैक कर सकते हैं।
कस्टमर केयर और अन्य माध्यमों से कैसे करें संपर्क?
ऑनलाइन पोर्टल के अलावा EPFO से संपर्क करने के लिए कई अन्य विकल्प भी उपलब्ध हैं:-
- टोल-फ्री हेल्पलाइन: कर्मचारी सोमवार से शनिवार, सुबह 9:15 बजे से शाम 5:45 बजे के बीच टोल-फ्री नंबर 1800-11-8005 पर कॉल करके सहायता ले सकते हैं।
- ईमेल सेवा: आप अपनी समस्या ई-मेल आईडी (employeefeedback@epfindia.gov.in) पर लिखकर भेज सकते हैं, जिसका जवाब कुछ वर्किंग डे में दे दिया जाता है।
- सोशल मीडिया: EPFO के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (X/Twitter और Facebook पर @socialepfo) तथा Quora पेज के माध्यम से भी मदद मांगी जा सकती है।
- क्षेत्रीय कार्यालय: अधिक जटिल समस्याओं के समाधान के लिए आप व्यक्तिगत रूप से निकटतम क्षेत्रीय या उप-क्षेत्रीय EPFO कार्यालय में भी जा सकते हैं।
EPF में निवेश के बड़े फायदे और टैक्स राहत
ईपीएफ न केवल एक सुरक्षित रिटायरमेंट फंड तैयार करता है, बल्कि इसमें ब्याज दरों और टैक्स लाभ के मामले में भी कई फायदे मिलते हैं:-
- 8.25% की आकर्षक ब्याज दर: केंद्र सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए ईपीएफ (EPF) और वीपीएफ (VPF) अंशदान पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दी है, जिसे हाल ही में खातों में क्रेडिट किया गया है।
- टैक्स छूट का लाभ: पुरानी टैक्स व्यवस्था (Old Tax Regime) के तहत सेक्शन 80C के अंतर्गत कर्मचारियों के सालाना 1.5 लाख रुपये तक के योगदान पर टैक्स छूट मिलती है। इसके अलावा, नियोक्ता (Employer) का 12% तक का अंशदान (7.5 लाख रुपये से कम) दोनों टैक्स व्यवस्थाओं में टैक्स फ्री है।
- ब्याज पर छूट: कर्मचारी के जमा पर मिलने वाला ब्याज 2.5 लाख रुपये तक पूरी तरह से टैक्स-फ्री होता है।
partial withdrawal और न्यूनतम बैलेंस का नियम
आंशिक निकासी (Partial Withdrawal) के मामले में EPFO के नियमों का ध्यान रखना जरूरी है। नियमानुसार, ईपीएफ सदस्यों को अपने खाते में कम से कम 25% का न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना अनिवार्य होता है। इसका अर्थ यह है कि आप अपने कुल जमा फंड का अधिकतम 75% हिस्सा ही आंशिक निकासी के रूप में निकाल सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आपके खाते में कुल 2 लाख रुपये जमा हैं, तो आप1,50,000 रुपये की निकासी कर सकते हैं, जबकि 50,000 रुपये की न्यूनतम राशि खाते में सुरक्षित रहेगी।
