Elon Musk Wealth Down: दुनिया के नंबर वन अमीर बिजनेसमैन का ताज एलन मस्क से छिन सकता है। उनकी संपत्ति में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति और एलन मस्क के बीच संपत्ति का अंतर काफी कम हो चुका है। गुरुवार को एलन मस्क की संपत्ति में 20.3 अरब डॉलर (करीब 1.67 लाख करोड़ रुपये) तक की गिरावट आई है। हालांकि बाद में थोड़ी रिकवरी हुई थी। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के अनुसार यह अब तक की सातवीं सबसे बड़ी गिरावट है।
कंपनी के शेयरों की गिरावट का दिखा असर
एलन मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयरों में बीते दिन गिरावट देखने को मिली है। इसका असर एलन मस्क की कुल संपत्ति पर भी पड़ा है। संपत्ति के कम होने की सबसे बड़ी वजह यह है कि टेस्ला के इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत है। दरअसल, टेस्ला के इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में कटौती जारी है। इस कटौती को जारी रखना पड़ सकता है। ऐसे में टेस्ला के शेयरों में गिरावट आ सकती है।
एलन मस्क और अरनॉल्ट की संपत्ति का फासला हुआ कम
कुल संपत्ति के गिरावट के बाद मस्क और दुनिया के दूसरे अमीर व्यक्ति बर्नार्ड अरनॉल्ट के बीच संपत्ति के मूल्य का अंतर और कम हो गया है। अरनॉल्ट लग्जरी सामान बनाने वाली कंपनी LVMH के चेयरमैन है। टेस्ला के शेयर में गिरावट के बाद भी मस्क की संपत्ति अरनॉल्ट से लगभग 33 बिलियन डॉलर ज्यादा है।
इन अरबपतियों की संपत्ति भी गिरी
एलन मस्क ही नहीं गुरुवार को कुछ और अरबपतियों की संपत्ति में गिरावट हुई। अमेजन इंक के जेफ बेजोस, ओरेकल कॉरपोरेशन के लैरी एलिसन, माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन के पूर्व सीईओ स्टीव बाल्मर, मेटा प्लेटफॉर्म इंक के मार्क जुकरबर्ग और अल्फाबेट इंक के लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन के नेटवर्थ में भी गिरावट हुई।
मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की नेटवर्थ
गुरुवार को मुकेश अंबानी की दौलत में 7.6 अरब डॉलर की गिरावट आई थी, जिस कारण इनकी कुल संपत्ति 93.6 अरब डॉलर है और ये दुनिया के 13वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। इसके अलावा, गौतम अडानी दुनिया के 24वें सबसे अमीर शख्स हैं और इनकी कुल संपत्ति 51.9 अरब डॉलर है।
