Trump Coin : अमेरिकी ट्रेजरी ने शुक्रवार को एक संभावित $1 के सिक्के का प्रारूप जारी किया जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ( Donald Trump) की तस्वीर दिखाई गई है। यह सिक्का वर्ष 2026 में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ (America 250th anniversary) (सेमिक्विन्सेंटेनियल) के उपलक्ष्य में प्रस्तावित किया गया है।
सिक्के की डिजाइन में क्या है?
रॉयटर के मुताबिक सिक्के के एक ओर ट्रंप की प्रोफाइल में तस्वीर है, जिसके ऊपर "LIBERTY" शब्द और नीचे "1776-2026" लिखा है। दूसरी ओर ट्रंप एक झंडे के सामने मुट्ठी उठाए खड़े हैं, और चारों ओर “FIGHT, FIGHT, FIGHT” शब्द लिखे हैं जो कि उस वाक्यांश का संदर्भ है जो ट्रंप ने पिछले साल एक जानलेवा हमले से बचने के तुरंत बाद कहा था।
डिजाइन की वैधता पर बहस
हालांकि यह केवल प्रारंभिक डिजाइन है, लेकिन इस पर तुरंत विवाद शुरू हो गया। वर्ष 2020 में पारित एक कानून के अनुसार अमेरिकी सेमिक्विन्सेंटेनियल के लिए बनाए जाने वाले सिक्कों पर किसी भी व्यक्ति (जीवित या मृत) की "बस्ट" या "सिर और कंधे की तस्वीर" नहीं हो सकती। खासकर सिक्के के रिवर्स साइड (पीछे की ओर)। हालांकि ट्रेजरी का कहना है कि ट्रंप की जो तस्वीर दिखाई गई है, वह एक "पूर्ण चित्रण" है, न कि केवल सिर और कंधे की प्रतिमा इसलिए यह प्रतिबंध लागू नहीं होता।
क्या यह कानूनन मान्य है?
1866 में पारित एक अलग कानून जीवित व्यक्तियों की तस्वीर को कागजी मुद्रा (पेपर मनी) पर प्रतिबंधित करता है, लेकिन यह सिक्कों पर लागू नहीं होता, जिन्हें अमेरिकी मिंट (U.S. Mint) बनाता है। इसके अलावा 1792 के एक पुराने कानून के अनुसार जीवित वर्तमान या पूर्व राष्ट्रपतियों की तस्वीर केवल तब प्रतिबंधित होती है जब सिक्के विशेष रूप से उन्हें सम्मानित करने के लिए बनाए गए हों। इस मामले में सिक्का अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में है न कि केवल ट्रंप को सम्मानित करने के लिए।
पिछली परंपराएं और तुलना
1976 में अमेरिका की 200वीं वर्षगांठ (बाइसेंटेनियल) पर भी एक विशेष $1 सिक्का जारी हुआ था, जिसमें एक तरफ लिबर्टी बेल और चंद्रमा की तस्वीर थी। सिक्के के दूसरी ओर दिवंगत राष्ट्रपति ड्वाइट डी आइजनहावर की तस्वीर थी जिनकी मृत्यु 1969 में हुई थी।
व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट से जब पूछा गया कि क्या ट्रंप ने यह डिजाइन देखा है, तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि उन्होंने इसे देखा है या नहीं लेकिन मुझे यकीन है कि उन्हें यह पसंद आएगा।
आगे क्या?
ट्रेजरी ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक प्रारंभिक डिजाइन है और अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है। ट्रेजरी सचिव इसे लेकर अधिक जानकारी सरकार के पुनः चालू होने के बाद शेयर करेंगे, क्योंकि फिलहाल सरकारी कामकाज बजट को लेकर गतिरोध के कारण रुका हुआ है।
