बिजनेस

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया अबतक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा, 1 US Dollar की कीमत हो गई इतनी

यह पहली बार है जब रुपया 88 प्रति अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर गया है। रुपया 10 फरवरी 2025 को कारोबार के दौरान 87.95 प्रति डॉलर पर पहुंचा था।

Image

Dollar Vs Rupee (Istock)

Dolllar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में गिरावट जारी है। आज रुपया 61 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 88.19 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये में इतनी बड़ी गिरावट, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बढ़ते तनाव के कारण हुआ है। आपको बता दें कि शुक्रवार को पहली बार रुपया 88 के स्तर को पार कर गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका के भारी शुल्क लगाने, विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और महीने के अंत में अमेरिकी डॉलर की मांग से रुपया लगातार दबाव में है। इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

कमजोर खुला था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.73 पर खुला। फिर लुढ़कर 88.33 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर आ गया। अंत में 88.19 (अस्थायी) प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 61 पैसे की भारी गिरावट है। रुपया बृहस्पतिवार को 11 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.58 पर बंद हुआ था। यह पहली बार है जब रुपया 88 प्रति अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर गया है। रुपया 10 फरवरी 2025 को कारोबार के दौरान 87.95 प्रति डॉलर पर पहुंचा था। वहीं पांच अगस्त 2025 को रुपया, डॉलर के मुकाबले 87.88 पर बंद हुआ था।

अभी और गिरावट की आशंका

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (मुद्रा एवं कमोडिटी) अनुज चौधरी ने कहा कि हमारा अनुमान है कि रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि अमेरिका के भारत पर अतिरिक्त व्यापार शुल्क लगाने से भारत के व्यापार घाटे को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। कमजोर घरेलू बाजार एवं विदेशी पूंजी की बिकवाली के दबाव से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है। चौधरी ने कहा, डॉलर-रुपये के हाजिर मूल्य के 87.90 से 88.70 के बीच रहने का अनुमान है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.94 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 270.92 अंक की गिरावट के साथ 79,809.65 अंक और निफ्टी 74.05 अंक फिसलकर 24,426.85 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.10 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,856.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article