बिजनेस

Dollar Vs Rupee: ईरान युद्ध खत्म होते ही रुपये की लंबी छलांग, अब 1 डॉलर की कीमत 95 रुपये से कम

Dollar Vs Rupee: फॉरेक्स ट्रेडर्स ने कहा कि ईरान युद्ध खत्म होने का ऐलान, घरेलू इक्विटी मार्केट की मजबूत शुरुआत और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने रुपये को मजबूती दी।

Image

रुपया बनाम डॉलर

Dollar Vs Rupee: तीन महीने से अधिक समय से चला आ रहा अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म होने के ऐलान से आज शेयर बाजार से लेकर रुपये में जबरदस्त तेजी है। रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 58 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.60 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.70 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में बढ़कर 94.60 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो इसके पिछले बंद भाव से 58 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत शुरुआत और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने भी रुपये को समर्थन दिया। इससे रुपये में रिकवरी लौटी है।

क्यों लौटी रुपये में तेजी?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता होने की घोषणा करने के बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। अमेरिका और ईरान ने 107 दिन चले युद्ध को समाप्त करने और वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर सहमति जताई है। इस समझौते को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर के बाद शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ’ट्रुथ सोशल’ पर रविवार को इसकी घोषणा की। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव कम हुआ। अधिकारियों के अनुसार, शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में औपचारिक तौर पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

डॉलर इंडेक्स में गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.53 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,112.70 अंक चढ़कर 76,648.74 अंक पर जबकि निफ्टी 335.55 अंक की बढ़त के साथ 23,956.40 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.26 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,082.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article