बिजनेस

दिल्ली मेट्रो में यात्रा करने वालों को एक और सहूलियत, अमेजन पे से भी होगा पेमेंट

Amazon Pay Delhi Metro: अधिकारियों ने कहा कि इस अनूठी टिकट व्यवस्था की मदद से यात्री चलते-फिरते हुए मेट्रो का टिकट खरीद सकते हैं। यह दिल्ली मेट्रो से रोजाना सफर करने वाले लाखों उपयोगकर्ताओं के लिए एक त्वरित, संपर्क-रहित और परेशानियों से मुक्त करने वाला अनुभव प्रदान करता है।

Image

ग्राहक को अमेजन पे टैब के तहत दिल्ली मेट्रो क्यूआर टिकट का विकल्प चुनना होगा।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली मेट्रो में एक और सुविधा
  • अमेजन पे से भी होगा भुगतान
  • यात्रा करना हुआ और आसान

Amazon Pay Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो के यात्री अब ऑनलाइन भुगतान मंच 'अमेजन पे' के जरिये अपने मोबाइल फोन पर क्यूआर टिकट ले सकते हैं। इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने अमेजन पे के साथ साझेदारी की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इसके लिए ग्राहक को अमेजन पे टैब के तहत दिल्ली मेट्रो क्यूआर टिकट का विकल्प चुनना होगा। फिर उन्हें 'कहां से' और 'कहां तक' जाने वाले स्टेशनों का चयन करना होगा। वे ऑनलाइन भुगतान कर अपने मोबाइल फोन पर फौरन ही क्यूआर टिकट हासिल कर सकते हैं।

यात्रा करना हुआ और आसान

अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों पर घुसने और निकलने के लिए स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) द्वार पर अपने स्मार्टफोन को क्यूआर कोड स्कैनर के सामने रखना होगा। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने इस मौके पर कहा, "क्यूआर टिकट के लिए अमेजन पे के साथ साझेदारी करने से दैनिक यात्राएं अधिक कुशल और सुविधाजनक हो जाएंगी। इससे सुविधा मिलती है, कागज़ की बर्बादी में कमी आती है और हमारे पर्यावरण-अनुकूल प्रयासों को समर्थन मिलता है।"

रोजाना लगभग 65 लाख यात्री

अमेजन पे इंडिया की निदेशक अनुराधा अग्रवाल ने कहा, "हम अमेजन पे पर मेट्रो क्यूआर टिकट प्रणाली शुरू करने को लेकर उत्साहित हैं, जो लाखों लोगों के लिए आवागमन को आसान बना देगा। इससे टोकन लेने और टिकट लेते समय खुले पैसे लौटाने की जरूरत खत्म हो जाती है।" डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि मेट्रो दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मार्गों पर प्रतिदिन लगभग 65 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। ऐसे में यह नई टिकट व्यवस्था उनके लिए काफी सुविधाजनक साबित होगी।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article