Apollo Micro Systems ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने Q4 में ₹13.96 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल इसी अवधि के ₹12.93 करोड़ की तुलना में 8% अधिक है। हालांकि, पिछली तिमाही यानी Q3FY25 के ₹18.23 करोड़ के मुकाबले मुनाफे में 23% की गिरावट आई है।
कंपनी की समेकित आय ₹135.44 करोड़ से बढ़कर ₹161.77 करोड़ हो गई है, यानी 19% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। तिमाही आधार पर रेवेन्यू में 9% की वृद्धि हुई है।
Q4FY25 में कंपनी का EBITDA ₹35.99 करोड़ रहा, जो सालाना आधार पर 25% ज्यादा है। EBITDA मार्जिन भी 21% से बढ़कर 22% हो गया है। हालांकि पिछली तिमाही की तुलना में EBITDA में 5% की गिरावट आई है।
पूरे वित्त वर्ष में शानदार प्रदर्शन
FY25 के लिए Apollo Micro Systems ने 51.24% की रेवेन्यू ग्रोथ, 54% की EBITDA ग्रोथ और 23.5% EBITDA मार्जिन हासिल किया है। पूरे वर्ष में कंपनी का नेट प्रॉफिट 81.18% बढ़ा है।
कंपनी के एमडी बद्दम करुणाकर रेड्डी ने कहा कि अगले दो वर्षों में कंपनी को 45% से 50% CAGR रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद है। यह ग्रोथ कोर बिजनेस से आएगी, हालिया अधिग्रहण से नहीं। उन्होंने बताया कि ऑपरेटिंग मार्जिन FY26 की पहली छमाही में और सुधरेंगे, जबकि पूंजीगत खर्च के चलते बाद में इसमें थोड़ी गिरावट आ सकती है।
हालिया भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते स्वदेशी रक्षा समाधानों की मांग बढ़ी है। कंपनी के कई सिस्टम्स को सफलतापूर्वक परीक्षणों में प्रदर्शित किया गया, जिससे डिफेंस वैल्यू चेन में गहरी रुचि देखी गई।
डिविडेंड की घोषणा संभव
कंपनी के निदेशक मंडल की अगली बैठक 28 मई को होगी, जिसमें FY25 के लिए अंतिम डिविडेंड की सिफारिश पर विचार किया जाएगा।
शेयर प्राइस परफॉर्मेंस: 5 साल में 1585% का रिटर्न
Apollo Micro Systems के शेयरों ने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में शेयर 17%, YTD में 15%, छह महीनों में 52% और दो साल में 309% बढ़े हैं। पांच वर्षों में यह स्टॉक 1,585% का बेजोड़ रिटर्न दे चुका है। शुक्रवार को शेयर 7.97% गिरकर ₹138.65 पर बंद हुए।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
