बिजनेस

Credit Card से कैश निकालना क्यों पड़ सकता है महंगा? जानिए इसके छिपे हुए नुकसान

क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पर कई तरह के फायदे मिलते हैं, लेकिन ATM से क्रेडिट कार्ड के जरिए कैश निकालना सामान्य खरीदारी से अलग होता है। इसमें अतिरिक्त फीस और ब्याज का बोझ पड़ सकता है।

Image

Credit Card से क्यों नहीं निकालना चाहिए कैश (Photo: iStock)

Credit Card Cash Advance: क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल आजकल ऑनलाइन शॉपिंग, बिल पेमेंट और रोजमर्रा की खरीदारी के लिए हर दूसरा व्यक्ति कर रहा है। लेकिन जब अचानक कैश की जरूरत पड़ती है तो कुछ लोग ATM में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर पैसे निकाल लेते हैं। इसे कैश एडवांस (Cash Advance) कहा जाता है। आमतौर पर यह सुविधा इमरजेंसी में काम आ सकती है, लेकिन सामान्य जरूरतों के लिए क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना महंगा पड़ सकता है। आइए जानते हैं क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने कौन-से नुकसान हैं-

कैश एडवांस फीस देनी पड़ेगी

क्रेडिट कार्ड से ATM के जरिए कैश निकालने पर सबसे पहले कैश एडवांस फीस देनी पड़ती है। यह फीस हर बार पैसे निकालने पर लग सकती है, जिससे छोटी रकम निकालना भी महंगा पड़ सकता है। इसके अलावा, निकाली गई रकम पर ब्याज भी लागू होता है, जिससे कुल भुगतान और बढ़ जाता है। इसलिए जरूरत पड़ने पर भी ATM से कैश निकालने से पहले इससे जुड़ी फीस और ब्याज की जानकारी जरूर देख लें।

कैश निकालने पर लगेगा ज्यादा ब्याज

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर ब्याज दर भी सामान्य खरीदारी के मुकाबले काफी ज्यादा हो सकती है। कार्ड के आधार पर यह ब्याज दर 3.1% से 3.5% तक हो सकती है। अगर निकाली गई रकम का भुगतान जल्दी नहीं किया गया तो हर महीने ब्याज जुड़ता रहेगा। ऐसे में छोटी रकम की निकासी भी कुछ समय बाद बड़ा वित्तीय बोझ बन सकती है।

रिवॉर्ड पॉइंट्स का नहीं मिलेगा फायदा

क्रेडिट कार्ड से ATM के जरिए कैश निकालने का एक और नुकसान यह है कि इस ट्रांजैक्शन पर आमतौर पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलते। यानी आप क्रेडिट कार्ड की सुविधा का इस्तेमाल तो कर रहे हैं, लेकिन इसके बदले मिलने वाले रिवॉर्ड का फायदा नहीं मिलता। जबकि कार्ड से की गई कई सामान्य खरीदारी पर रिवॉर्ड पॉइंट्स या अन्य फायदे मिल सकते हैं। इसलिए कैश निकालने के बजाय कार्ड का इस्तेमाल उन खर्चों के लिए करना बेहतर हो सकता है जहां रिवॉर्ड या अन्य लाभ मिलते हों।

ब्याज-मुक्त अवधि का फायदा नहीं मिलेगा

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर आमतौर पर खरीदारी की तरह ब्याज-मुक्त अवधि का फायदा नहीं मिलता। ब्याज ट्रांजैक्शन की तारीख से ही शुरू हो सकता है और पूरी रकम चुकाने तक चलता रहता है। इसका मतलब है कि अगर आपने कैश निकाला और भुगतान करने में समय लगाया, तो ब्याज लगातार बढ़ सकता है। इसलिए क्रेडिट कार्ड से ATM कैश निकालने को केवल बेहद जरूरी स्थिति में ही इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article