दिल्ली सरकार की तरफ से लाखों गरीब और जरूरत मंद परिवारों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। सरकार की तरफ से पिछले 13 साल से रुके राशन बनाने की प्रक्रिया को एक बार फिर से शुरू करने की घोषणा की है। सरकार ने राशन कार्ड की लिस्ट से करीब 7 लाख 71 हजार 384 अपात्र लाभार्थियों को हटा दिया है जिसके बाद इन स्थानों को भरने के लिए नए आवेदन की प्रकिया को शुरू कर दिया गया है।
गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि “दिल्ली में राशन व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। 15 तारीख से ई-पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के आवेदन शुरू हो चुके हैं, जिससे लोगों को अब आसानी से ऑनलाइन सुविधा मिल सकेगी। इतना ही नहीं अब राशन दुकानों पर ई-बायोमेट्रिक और डिजिटल माप प्रणाली लागू की गई है, ताकि लाभार्थियों को सत्यापन के बाद ही पूरा और सही मात्रा में राशन मिल सके।
दिल्ली सरकार ने दिल्ली फूड सिक्योरिटी रूल्स 2026 और नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट 2013 को पूरी तरह लागू करते हुए पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और अधिक जवाबदेह बनाया है, जिससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और जरूरतमंद लोगों तक सही लाभ पहुंच सकेगा।”
प्रधानमंत्री के “अंत्योदय” विजन पर चलते हुए व्यापक ऑडिट
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रधानमंत्री के “अंत्योदय” के विजन पर चलते हुए राशन व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराया। इस ऑडिट में सामने आया कि लगभग 1,44,000 लोग आय सीमा से ऊपर होने के बावजूद राशन का लाभ ले रहे थे। वहीं 35,800 लोग ऐसे पाए गए जिन्होंने पिछले एक साल से राशन लिया ही नहीं था, यानी उन्हें इसकी आवश्यकता नहीं थी, फिर भी उनके राशन कार्ड सक्रिय थे। इसके अलावा 29,580 मृत व्यक्तियों के नाम राशन सूची में मौजूद थे और 23,394 लाभार्थी डुप्लीकेट पाए गए, जो अलग-अलग जगहों से दो बार राशन ले रहे थे।
इन सभी अपात्र और फर्जी लाभार्थियों को हटाने के बाद कुल 7,71,384 स्थान खाली हुए हैं। अब यही दिल्ली के लोगों के लिए एक बड़ा अवसर बना है, क्योंकि लगभग 7.72 लाख नए लाभार्थियों के राशन कार्ड बनाए जा सकेंगे। सरकार ने नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सही लाभ पहुंच सके।
राशन कार्ड प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया
दिल्ली में नए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी बनाया गया है। आवेदन के लिए केवल आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पारिवारिक आय प्रमाण पत्र और परिवार के सदस्यों का विवरण देना होगा। सरकार अब आय सीमा को बढ़ाकर लगभग ₹2.5 लाख तक करने की तैयारी में है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। सभी आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे, ताकि लोगों को सुविधा और पारदर्शिता दोनों मिल सके।
इस तरह से करं आवेदन
- पोर्टल पर जाएं: आधिकारिक e-District
Delhi पोर्टल पर जाएं। - रजिस्टर/लॉगिन करें: यदि आप नए यूजर हैं, तो अपने आधार या वोटर ID का उपयोग करके खाता बनाने के लिए 'Register' पर क्लिक करें। यदि आपका पहले से ही खाता है, तो सीधे लॉगिन करें।
- आवेदन भरें: 'Services' टैब के अंतर्गत, नए राशन कार्ड या खाद्य सुरक्षा के लिए आवेदन करने का विकल्प चुनें।
- विवरण दर्ज करें: अपने परिवार का विवरण, पता और आय की जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।
- दस्तावेज अपलोड करें: आवश्यक दस्तावेज जैसे- आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पारिवारिक आय प्रमाण पत्र और परिवार के सदस्यों के विवरण को स्कैन करके अपलोड करें (नीचे दी गई सूची देखें)।
- जमा करें: फॉर्म जमा करें और अपने ऐप्लिकेशन को ट्रैक करने के लिए आवेदन संख्या को सहेज कर रखें।
