बिजनेस

Closing Bell : Sensex 1677 और Nifty 517 अंक लुढ़के, क्यों आई बाजार में तबाही?

शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली। जून के आखिरी दो सप्ताह और जुलाई में अब तक बाजार में आई तेजी एक सत्र में गायब हो गई है। निवेशकों को करीब 10 लाख करोड़ का नुकसान हुआ है।

Image

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट

Share Market Closing Bell Today : शेयर बाजार में बाज बुधवार 8 जुलाई को जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ घोषणा से शुरू हुई वैश्विक कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। Sensex 1,677.12 अंक नीचे यानी 2.15% टूटकर 76,503.60 पर बंद हुआ।

वहीं, Nifty 516.65 अंक यानी 2.12% फिसलकर 23,882.05 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 76,259.03 और निफ्टी 23,805.20 तक लुढ़क गए। इस गिरावट के साथ निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। BSE के मार्केट कैप डेटा के हिसाब से डे हाई से डे लो के बीच में निवेशकों को एक ही दिन में ₹10 लाख करोड़ से ज्यादा घट गया।

बैंकिंग शेयरों ने बढ़ाया दबाव

बाजार की सबसे बड़ी कमजोरी बैंकिंग शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी बैंक 2.36% टूटकर 56,742.60 पर बंद हुआ। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज भी 2.36% गिरा। निजी और सरकारी दोनों बैंकिंग शेयरों में बिकवाली हावी रही, जिससे पूरे बाजार पर दबाव बढ़ गया।

चौतरफा बिकवाली हावी

बाजार में बिकवाली केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। Nifty FMCG 2.43%, PSU Bank 2.49%, Nifty Private Bank 2.40%, Nifty Auto 2.08%, Nifty Oil and Gas 2.21%, केमिकल 2.52% और मीडिया इंडेक्स 2.41% टूट गया। हालांकि, दिन की शुरुआत में IT और Pharma सेक्टर में मजबूती देखने को मिल रही थी, जो दिन के आखिर में गिरावट में ही बंद हुए।

छोटे और मझोले शेयर भी नहीं बचे

बाजार की बिकवाली किसी सेक्टर और साइज तक सीमित नहीं रही। बल्कि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेज बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 में 1.37% और स्मॉलकैप 100 में 2.07% की गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ है कि बिकवाली पूरे बाजार में फैली रही और निवेशकों ने जोखिम वाले शेयरों से दूरी बनाई।

डर का पैमाना 25% उछला

बाजार में घबराहट का सबसे बड़ा संकेतक India Vix में बड़ा उछाल देखने केा मिला है। दिन की शुरुआत में India Vix 11.65 पर था। यह करीब 24.85% उछलकर 14.54 पर पहुंच गया। आम तौर पर Vix में तेज उछाल यह संकेत देता है कि आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

गिरावट के बीच कुछ शेयर चमके

पूरे बाजार में कमजोरी के बावजूद कुछ शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया। यूनिकेम लैब 20% के अपर सर्किट के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके अलावा बनारस बीड्स, डीपी आभूषण, एसजी मार्ट, जिंदल ड्रिलिंग, ऑर्किड फार्मा और एईक्यूस जैसे शेयरों में 7% से 20% तक की तेजी देखने को मिली।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article