Gold vs Bitcoin vs Equity Where To Invest in 2026: सोना, बिटकॉइन या शेयर 2026 में कहां बनेगा पैसा। यह हर निवेशक का सवाल है। किसी भी बाजार के प्रदर्शन की भविष्यवाणी करना तो संभव नहीं है। लेकिन, मार्केट्स के हिस्टोरिकल ट्रेंड और एक्सपर्ट्स की राय से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि रुख किधर करना चाहिए।
बहरहाल, गोल्ड, सिल्वर और बिटकॉइन ने लंबी रैली के बाद बड़े करेक्शन का सामना किया है। गोल्ड और सिल्वर में जिस तरह की गिरावट आई है, उससे इन दोनों कीमती धातुओं को वोलैटिलिटी के बीच सेफ हेवेन इन्वेस्टमेंट मानने की धारणा को भी झटका लगा है। वहीं, बिटकॉइन की गिरावट पूरे क्रिप्टो मार्केट के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
बिटकॉइन पर अचानक क्यों टूटा भरोसा?
2025 के आखिरी महीनों में क्रिप्टो बाजार ने रिकॉर्ड तेजी देखी थी। बिटकॉइन ने नई ऊंचाइयां छुते हुए 7 अक्टूबर, 2025 को 126,198.07 डॉलर प्रति बिटकॉइन का ऑल टाइम हाई छुआ। इसी दौरान 2 लाख से 10 लाख डॉलर प्रति बिटकॉइन के अनुमान दिए गए। इसकी वजह से बड़ी संख्या में रिटेल निवेशकों ने क्रिप्टो बाजार का रुख किया। लेकिन, 2026 की शुरुआत के साथ माहौल पलट गया। वैश्विक बाजारों में जोखिम वाली संपत्तियों से पैसा निकलना शुरू हुआ और इसका सीधा असर क्रिप्टो पर पड़ा। अब स्थिति यह है कि बिटकॉइन अपने ऑल टाइम हाई से 45% से ज्यादा गिरावट आ चुकी है।
BTC CMP And INR Conversion
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक बिटकॉइन में आई गिरावट के पीछे की बड़ी वजहों में से एक है अमेरिका और यूरोप के बाजारों में टेक शेयरों की कमजोरी। जब टेक स्टॉक्स में बिकवाली शुरू हुई, तो हाई रिस्क एसेट्स से निवेशक तेजी से बाहर निकलने लगे। क्रिप्टो बाजार में भारी लेवरेज के कारण गिरावट और तेज हो गई, क्योंकि कीमतें गिरते ही फ्यूचर्स और डेरिवेटिव पोजिशन बड़े पैमाने पर कटने लगीं। इसके अलावा, कई बड़े निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की। पिछले साल की तेजी के बाद वैल्यूएशन काफी ऊंचे हो गए थे और थोड़ा सा भी नकारात्मक सिग्नल बिकवाली को ट्रिगर करने के लिए काफी था। नतीजा यह हुआ कि बिटकॉइन समेत कई प्रमुख टोकन तेजी से फिसल गए।
गिरावट से क्यों नहीं बच पाए सोना-चांदी?
आमतौर पर बाजार में तनाव बढ़ने पर निवेशक सोना और चांदी जैसी सुरक्षित संपत्तियों की ओर जाते हैं। लेकिन इस बार तस्वीर थोड़ी अलग रही। एक तरफ दुनियाभर के शेयर बाजारों में वॉलैटिलिटी इंडेक्स भारी डर का माहौल दिखा रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ बुलियन मार्केट में भी बिकवाली जा रही है। असल में इसके पीछे बाजार विशेषज्ञ बताते हैं कि इक्विटी और क्रिप्टो मार्केट में लगे शुरुआती झटकों के बाद निवेशकों ने नकदी बढ़ाने के लिए कई एसेट क्लास में बिकवाली की, जिसमें कीमती धातुएं भी शामिल रहीं। दूसरी तरफ, डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में उतार-चढ़ाव ने भी सोने की कीमतों पर दबाव डाला। इसके अलावा सिल्वर मार्केट में फिजिकल एसेट्स बनाम पेपर एसेट्स की भी एक लड़ाई देखने को मिली, जिसका असर फ्यूचर मार्केट पर पड़ा है।
Gold Silver Prices
गोल्ड-सिल्वर में सबसे बड़ी गिरावट जनवरी के आखिरी दो दिन में देखने को मिली, इस दौरान कॉमेक्स से लेकर MCX तक गोल्ड और सिल्वर के दाम में ऐतिहासिक गिरावट हुई। फिलहाल, दोनों मेटल्स में इस झटके से आई गिरावट से उबरने के संकेत मिल रहे हैं। लेकिन, अब गोल्ड में करीब 4900 डॉलर, जबकि सिल्वर में 79 डॉलर पर बड़ा रेजिस्टेंस बन गया है।
शेयर बाजार में कमजोरी क्यों?
पिछले डेढ़ साल में वैश्विक बाजारों में AI और टेक्नोलॉजी थीम ने जबरदस्त तेजी दिखाई। अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियों में निवेशकों ने भारी पैसा लगाया और इसका असर दुनियाभर के बाजारों पर पड़ा। लेकिन अब इस ट्रेड में ठहराव के संकेत दिखने लगे हैं। कई फंड मैनेजर मानते हैं कि टेक सेक्टर में वैल्यूएशन काफी खिंच चुके थे और अब निवेशक सेक्टर रोटेशन की ओर बढ़ रहे हैं। यानी पैसा उन क्षेत्रों में जा सकता है जहां वैल्यूएशन अपेक्षाकृत बेहतर हैं और ग्रोथ की संभावनाएं नई दिख रही हैं। यहीं से भारत जैसे बाजारों के लिए अवसर बनते दिखाई दे रहे हैं।
क्या 2026 में भारतीय बाजार दे सकता है बेहतर रिटर्न?
कई वैश्विक और घरेलू फंड मैनेजरों का मानना है कि 2026 में भारत अन्य बड़े बाजारों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। इसके पीछे कई वजहें हैं। पहली वजह है भारत की मजबूत घरेलू मांग और आर्थिक ग्रोथ की स्थिरता। दूसरी वजह है सरकारी निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च का जारी रहना। तीसरी अहम बात यह है कि विदेशी निवेशक अब उन बाजारों की तलाश में हैं जहां ग्रोथ स्थिर हो और वैल्यूएशन भी ज्यादा महंगे न हों। कुछ विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि अगर AI और अमेरिकी टेक स्टॉक्स में और सुधार आता है तो वैश्विक निवेश का हिस्सा उभरते बाजारों, खासकर भारत की ओर शिफ्ट हो सकता है।
ET Now से बातचीत में ICICI Prudential AMC के CIO एस. नरेन का कहना है कि अगर वैश्विक बाजारों में AI-केंद्रित निवेश थीम कमजोर पड़ती है और अमेरिकी टेक शेयरों में करेक्शन आता है, तो निवेश का रुख भारत जैसे विविध और घरेलू मांग पर आधारित बाजारों की ओर मुड़ सकता है। उनके मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ अपेक्षाकृत स्थिर है, कॉरपोरेट बैलेंस शीट मजबूत हैं और बाजार केवल एक सेक्टर पर निर्भर नहीं है, इसलिए वैश्विक अस्थिरता की स्थिति में भारतीय शेयर बाजार 2026 में अन्य बड़े बाजारों की तुलना में बेहतर रिटर्न दे सकता है, बशर्ते निवेशक लंबी अवधि के नजरिये के साथ चुनिंदा और वैल्यू आधारित निवेश करें।
निवेशकों के लिए रणनीति क्या हो सकती है
मौजूदा हालात यह संकेत देते हैं कि बाजार एक नए बैलेंस की तलाश में हैं। पिछले साल जिन एसेट क्लास में तेज तेजी आई, वहां फिलहाल ठहराव या सुधार दिख रहा है। ऐसे समय में एकतरफा दांव लगाने के बजाय संतुलित निवेश रणनीति ज्यादा सुरक्षित मानी जा रही है। लंबी अवधि के निवेशक भारतीय इक्विटी बाजार में गिरावट के दौरान धीरे-धीरे निवेश बढ़ा सकते हैं, खासकर उन कंपनियों में जिनकी कमाई मजबूत है और बैलेंस शीट मजबूत है। वहीं, पोर्टफोलियो का एक हिस्सा सोना जैसी सुरक्षित संपत्तियों में रखना जोखिम को संतुलित करने में मदद कर सकता है। क्रिप्टो बाजार में अवसर जरूर हैं, लेकिन यह अब भी बेहद उतार-चढ़ाव वाला क्षेत्र है और इसमें निवेश केवल उच्च जोखिम लेने वाले निवेशकों के लिए ही उपयुक्त माना जा रहा है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
