बिजनेस

बिहार की धरती उगलेगी सोना, इन जिलों में मिला बेशकीमती खनिजों का भंडार, जल्द होगी नीलामी

बिहार में दुर्लभ खनिजों का विशाल भंडार मिला है। जल्द ही इन खनिजों को निकालने के लिए नीलामी शुरू होगी। उसके बाद खनन शुरू की जाएगी। खनिजों के मिलने से बिहार का राजस्व बढ़ेगा और लोगों को रोजगार मिलेगा।

Image

बिहार खनिज भंडार

बिहार के करोड़ों लोगों के लिए अच्छी खबर है। बिहार में दुर्लभ खनिजों (Rare Minerals) का विशाल भंडार मिला है। इसकी बात की जानकारी देते हुए बिहार के खान एवं भू-तत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में दुर्लभ खनिज तत्वों का भंडार मिला है और इनके व्यावसायिक खनन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण दुर्लभ खनिजों के 14 ब्लॉक की पहचान की है जिनकी नीलामी जल्द शुरू होने की संभावना है।

इन दुर्लभ खनिजों का भंडार मिला

कुमार ने कहा कि BIhar में पैलेडियम, टाइटेनियम, ग्लॉकोनाइट, कोबाल्ट (Palladium, Titanium, Glauconite, Cobalt) और अन्य खनिजों का भंडार मिला है। उन्होंने बताया कि बांका जिले में कोबाल्ट मिला है और इसकी भी जल्द नीलामी की जाएगी। भागलपुर जिले के बटेश्वरस्थान क्षेत्र में दुर्लभ मृदा तत्वों (आरईई) के महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं। इसके अलावा जिले में क्रोमाइट के भंडार की भी संभावनाएं जताई गई हैं। उल्लेखनीय है कि REE 17 प्राकृतिक धात्विक तत्वों का समूह है। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से मिसाइल, रडार, लड़ाकू विमान, ड्रोन और सैन्य संचार उपकरणों, इलेक्ट्रिक वाहन, स्मार्टफोन, लैपटॉप, टीवी स्क्रीन, स्पीकर, कैमरा लेंस और हार्ड डिस्क में होता है।

ये तत्व पृथ्वी की सतह पर पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं लेकिन इनके आर्थिक रूप से उपयोगी सघन भंडार अपेक्षाकृत कम मिलते हैं। इन तत्वों में लैंथेनम, सेरियम, प्रसीओडाइमियम, नियोडाइमियम, प्रोमेथियम, समेरियम, यूरोपियम, गैडोलिनियम, टर्बियम, डिस्प्रोसियम, होल्मियम, एर्बियम, थुलियम, यिटरबियम, ल्यूटेशियम, स्कैंडियम और यिट्रियम शामिल हैं।

नवादा और रोहतास में तीन ब्लॉकों की नीलामी

केंद्र सरकार नवादा जिले में वैनाडियम युक्त मैग्नेटाइट और इल्मेनाइट के एक खनन ब्लॉक तथा रोहतास जिले में ग्लॉकोनाइट के तीन ब्लॉकों की नीलामी करने जा रही है। सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉरपोरेशन (एमएसटीसी) ने इनके लिए खनन बोलियां आमंत्रित की हैं और 20 मई के बाद नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी।

जमुई जिले में Gold के भंडार मिलने की संभावना

मंत्री ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों, विशेषकर झारखंड से सटे दक्षिणी बिहार क्षेत्रों में व्यापक खनिज अन्वेषण गतिविधियां चल रही हैं। इसके तहत हवाई सर्वेक्षण, उपग्रह चित्रण, पुराने आंकड़ों के विश्लेषण और जमीनी अध्ययन किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जमुई जिले के सोनो क्षेत्र में सोने के भंडार होने के संकेत मिले हैं। वहां सर्वेक्षण जारी है और रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। कुमार ने बताया कि बांका जिले के पिंडारक क्षेत्र में तांबे के भंडार मिले हैं और इसके खनन की व्यवहार्यता का आकलन किया जा रहा है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article