IPO है या पैसा छापने की मशीन! 2 दिन में 33.89 गुना सब्सक्रिप्शन, ₹1071 करोड़ के इश्यू पर बरसे ₹27,044 करोड़
- Authored by: यतींद्र लवानिया
- Updated Jan 12, 2026, 08:08 PM IST
Bharat Coking Coal IPO GMP Status: ₹1,071 करोड़ के इस PSU इश्यू पर अब तक ₹27,044 करोड़ से ज्यादा की बोली लग चुकी है और सब्सक्रिप्शन 33.89 गुना के स्तर को पार कर गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि HNI और रिटेल दोनों कैटेगरी में रिकॉर्ड तोड़ मांग देखने को मिल रही है, जबकि ग्रे मार्केट प्रीमियम भी मजबूत बना हुआ है। सवाल यही है कि आखिर इस IPO में ऐसा क्या है, जो निवेशकों को इतनी आक्रामक बोली लगाने पर मजबूर कर रहा है।
भारत कोकिंग कोल आईपीओ (इमेज क्रेडिट, कैन्वा)
Bharat Coking Coal IPO Subscription and GMP Status: को बाजार से उम्मीद से कहीं ज्यादा मजबूत रिस्पॉन्स मिल रहा है। सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन यानी 12 जनवरी 2026 को शाम 6:54 बजे तक यह IPO कुल 33.89 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। सबसे बड़ी बात यह है कि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स यानी HNI कैटेगरी में यह इश्यू 96.68 गुना तक भर चुका है, जो इस बात का साफ संकेत है कि बड़े निवेशक इस PSU इश्यू को लेकर आक्रामक दांव लगा रहे हैं।
रिटेल निवेशकों की भागीदारी भी कमजोर नहीं रही। रिटेल कैटेगरी में IPO को 27.28 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है, जबकि QIB (Ex Anchor) कैटेगरी में यह आंकड़ा 1.44 गुना तक पहुंच गया है। कर्मचारियों और शेयरहोल्डर्स कोटा में भी अच्छी भागीदारी देखी गई है।
₹1,071 करोड़ का पूरा OFS
Bharat Coking Coal IPO का कुल साइज ₹1,071.11 करोड़ है। यह एक बुक बिल्डिंग इश्यू है, जिसमें 46.57 करोड़ शेयर पूरी तरह Offer For Sale के तहत बेचे जा रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि इस IPO से कंपनी के पास कोई नया कैपिटल नहीं आएगा, बल्कि यह प्रमोटर हिस्सेदारी की आंशिक बिक्री है। इश्यू के बाद भी प्रमोटर की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत के आसपास बनी रहेगी।
रिटेल के लिए ₹13,800 के दांव
IPO का प्राइस बैंड ₹21 से ₹23 प्रति शेयर तय किया गया है। एक लॉट में 600 शेयर रखे गए हैं, जिसके हिसाब से रिटेल निवेशकों को न्यूनतम ₹13,800 का निवेश करना होगा। sNII कैटेगरी में 15 लॉट और bNII में 73 लॉट का आवेदन जरूरी है। कर्मचारियों के लिए प्रति शेयर ₹1 का डिस्काउंट भी दिया जा रहा है, जिससे यह इश्यू उनके लिए थोड़ा और आकर्षक बनता है।
GMP ने बढ़ाया क्रेज
ग्रे मार्केट में Bharat Coking Coal IPO का क्रेज लगातार बना हुआ है। ताजा अपडेट के मुताबिक इसका GMP ₹10.85 पर पहुंच चुका है। ₹23 के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से देखें तो IPO की अनुमानित लिस्टिंग कीमत करीब ₹33.85 बनती है। यानी लिस्टिंग पर करीब 47 प्रतिशत तक का संभावित गेन बाजार में डिस्काउंट किया जा रहा है। यही वजह है कि रिटेल से लेकर HNI तक इस IPO में आक्रामक बोली लगा रहे हैं।
कोयला सेक्टर रीढ़ BCCL
1972 में स्थापित Bharat Coking Coal Limited देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है। यह Coal India Limited की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी झारखंड के झरिया और पश्चिम बंगाल के रानीगंज क्षेत्र में फैले 34 ऑपरेशनल माइंस का संचालन करती है। BCCL के पास करीब 7,910 मिलियन टन का अनुमानित कोकिंग कोल रिजर्व है और वित्त वर्ष 2025 में भारत के कुल घरेलू कोकिंग कोल उत्पादन में कंपनी की हिस्सेदारी 58.5 प्रतिशत रही है। यही वजह है कि स्टील सेक्टर में बढ़ती मांग के बीच BCCL का स्ट्रैटेजिक महत्व काफी ज्यादा माना जाता है।
प्रोडक्शन ग्रोथ मजबूत
कंपनी का कोल प्रोडक्शन FY22 में 30.51 मिलियन टन से बढ़कर FY25 में 40.50 मिलियन टन तक पहुंच चुका है। हालांकि हाल की तिमाहियों में EBITDA और PAT मार्जिन में दबाव दिखा है, जो निवेशकों के लिए एक अहम रिस्क फैक्टर है। इसके बावजूद मजबूत पैरेंटेज और कोकिंग कोल में डॉमिनेंट पोजिशन कंपनी को लॉन्ग टर्म में सपोर्ट देती है।
निवेशकों के लिए क्या संकेत
Bharat Coking Coal IPO में भारी सब्सक्रिप्शन और मजबूत GMP यह दिखाता है कि बाजार इस PSU इश्यू को लेकर पॉजिटिव है। शॉर्ट टर्म में लिस्टिंग गेन की उम्मीद जरूर बनती है, लेकिन यह पूरा OFS इश्यू है और वैल्यूएशन पोस्ट-लिस्टिंग ऊंचा हो सकता है। ऐसे में लॉन्ग टर्म निवेशक को कंपनी के मार्जिन और कोल सेक्टर की साइकल को ध्यान में रखकर फैसला करना होगा।
डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट प्रीमियम किसी भी तरह से SEBI या स्टॉक एक्सचेंज द्वारा मान्यता प्राप्त नहीं है। TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले निवेशकों को अपनी रिसर्च या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।