Flat Buying Tips: रेडी-टू-मूव (बन कर तैयार फ्लैट) के मुकाबले अंडर-कंस्ट्रक्शन फ्लैट की कीमत कम होती है। इसलिए अधिकांश होम बायर्स अंडर-कंस्ट्रक्शन फ्लैट खरीदना पसंद करते हैं। हालांकि, इसमें कई रिस्क भी होता है, जिनके बारे में कई खरीदारों को बाद में ही पता चलता है। इसीलिए, किसी भी बन रहे प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक करने से पहले सारी जरूरी जानकारी जुटाना न सिर्फ समझदारी की बात है, बल्कि जरूरी भी है। यहां हम आपको एक चेकलिस्ट दे रहे है, जिसमें बताया गया है कि बिल्डर को बुकिंग अमाउंट देने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
RERA अप्रूव्ड है प्रोजेक्ट या नहीं?
किसी भी अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक करने से पहले यह जरूर चेक करें विक वह प्रोजेक्ट राज्य के RERA (रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी) के तहत रजिस्टर्ड है या नहीं? यह रजिस्ट्रेशन इस बात की गारंटी देता है कि बिल्डर समय-सीमा, क्वालिटी और फाइनेंशियल अनुशासन से जुड़े नियमों का पालन करेगा। यह पारदर्शिता सुनिश्चित करता है, समय-सीमा और फाइनेंशियल जानकारी का खुलासा करना अनिवार्य बनाता है, और देरी या किसी भी तरह के बदलाव होने पर कानूनी मदद का रास्ता भी देता है। खरीदारों को बुकिंग करने से पहले राज्य के पोर्टल पर RERA नंबर और प्रोजेक्ट की डिटेल्स को वेरिफाई कर लेना चाहिए।
सभी कानूनी दस्तावेजों की जांच करें।
अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट आपको बेस्ट लोकेशन पर मिल रहा हो या उसकी कीमत आपकी जेब में फिट बैठ रहा हो, बुकिंग से पहले पेपर चेक करना बिल्कुल नहीं भूलें। बुकिंग करने से पहले यह जांच लें कि डेवलपर को निर्माण प्रारंभ प्रमाणपत्र (सीसी), पर्यावरण और नगरपालिका संबंधी स्वीकृतियां, स्वीकृत भवन योजनाएं और स्वामित्व विलेख प्राप्त हो चुके हैं या नहीं। किसी भी परियोजना को केवल वादों या लॉन्च ऑफर के आधार पर बुक नहीं करना चाहिए, क्योंकि कानूनी दस्तावेज मार्केटिंग से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होते हैं।
साइट विजिट करना बिल्कुल न भूलें
डिजिटल के दौर में बहुत सारे डेवलपर्स अपने कंस्ट्रक्शन साइट को 3D वॉकथ्रू के जरिये दिखाने की व्यवस्था किए हैं। डेवलपर्स का कहना है कि इससे कस्टमर का समय बचेगा और वह सभी जानकारी वह घर या ऑफिस से देख सकता है। हालांकि, रियल एस्टेट एक्सपर्ट इस मत से सहमत नहीं है। उनका कहना है कि किसी भी प्रोजेक्ट में घर बुक करने से पहले साइट को खुद जाकर देखें। साइट पर जाकर असल कंस्ट्रक्शन की प्रोग्रेस, आस-पास का माहौल, कनेक्टिविटी और पड़ोस के माहौल का पता चलता है। फ्लैट खरीदना बहुत बड़ा निवेश होता है। इस बड़े निवेश से पहले भरोसे और स्पष्टता की जरूरत होती है, वह सिर्फ साइट पर जाकर ही मिल सकती है।
