Mehul Choksi : चोकसी मामले में नया मोड़, वकीलों का दावा-डोमिनिका पहुंची महिला उसकी गर्लफ्रेंड नहीं 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 1, 2021, 07:54 AM IST

पीएनबी घोटाले के आरोपी चोकसी डोमिनिका कैसे पहुंचा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। चोकसी के वकील विजय अग्रवाल का दावा है कि उसे एंटीगुआ से अगवा कर डोमिनिका लाया गया और उसे प्रताड़ित किया गया। 

Mehul Choksi : चोकसी मामले में नया मोड़, वकीलों का दावा-डोमिनिका पहुंची महिला उसकी गर्लफ्रेंड नहीं 
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली : मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी मामले में नई-नई बातें सामने आ रही हैं। चोकसी के वकीलों का दावा है कि चोकसी जिस महिला के साथ डोमिनिका पहुंचे थे वह उनकी गर्लफ्रेंड नहीं है। वकीलों का यह भी दावा है कि यह महिला चोकसी के कथित अपहरण, उनकी प्रताड़ना एवं गिरफ्तारी में शामिल रही है। वकीलों का कहना है कि यह महिला पिछले कुछ समय से एंटीगुआ में रुकी हुई थी। वह सुबह और शाम के सैर-सपाटे के समय चोकसी से मेलजोल बढ़ाने लगी और आगे चलकर उनकी दोस्त बन गई। 

महिला ने अपने फ्लैट पर चोकसी को मिलने के लिए बुलाया
वकीलों का दावा है कि महिला ने गत 23 मई को चोकसी को अपने फ्लैट पर उन्हें मिलने के लिए बुलाया और यहीं से चोकसी को अगवा किया  गया। इस बीच, बताया जा रहा है कि डोमिनिका की सरकार ने चोकसी को वापस एंटीगुआ भेजने के लिए विमान उपलब्ध कराने की पेशकश की है। हालांकि, चोकसी के वकील ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। वकील का कहना है कि वह सरकार का भरोसा खो चुके हैं, इसलिए चोकसी को ले जाने की व्यवस्था वह खुद करेंगे। 

वकीलों ने कोर्ट में हलफनामा दायर किया
चोकसी के वकीलों ने कोर्ट में अपने मुवक्किल के बचाव में एक लंबा हलफनामा दायर किया है। ये बातें उसी हलफनामे का हिस्सा हैं। पीएनबी घोटाले के आरोपी चोकसी डोमिनिका कैसे पहुंचा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। चोकसी के वकील विजय अग्रवाल का दावा है कि उसे एंटीगुआ से अगवा कर डोमिनिका लाया गया और उसे प्रताड़ित किया गया। 

चोकसी की गिरफ्तारी पर है सस्पेंस
चोकसी के वकीलों का आरोप है कि 'भारत से जुड़े' लोगों ने एंटीगुआ के अधिकारियों के साथ मिलकर चोकसी का अपहरण किया और फिर उसकी पिटाई की और फिर उसे पानी के जहाज के जरिए डोमिनिका लाया गया। गत रविवार को एंटीगुआ एवं बारबूडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउने ने सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि चोकसी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डोमिनिका पहुंचा। डोमिनिका पहुंचने पर वह पकड़ा गया।  पीएम ब्राउने ने अपने अधिकारियों को चोकसी को सीधे भारत को प्रत्यर्पित करने का निर्देश दिया है। गिरफ्तारी के बाद चोकसी की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में उसकी आंख और हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। 

मेहुल की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई
गत सोमवार को चोकसी को डोमिनिका चाइना फ्रेंडशिप अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां उसकी कोविड-19 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। चोकसी पीएनबी के 13,500 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी केस में आरोपी एवं वांछित है। चोकसी ने साल 2017 में  एंटीगुआ एवं बारबूडा के निवेश कार्यक्रम के तहत वहां की नागरिकता ले ली। पीएनबी घोटाले में अपना नाम सामने आने एवं गिरफ्तारी की तलवार लटकने पर वह जनवरी 2018 के पहले सप्ताह में फरार हो गया। 

End of Article