Closing Bell 28 August : शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स-निफ्टी हुए और मजबूत, देखें Video

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2020, 05:29 PM IST

Share market 28 August 2020 : कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भारतीय शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को जारी रहा। सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ बंद हुआ।

Closing Bell 28 August : शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स-निफ्टी हुए और मजबूत, देखें Video
Photo Credit: BCCL

Share market 28 August 2020 : कोरोना वायरस की वजह से देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है लेकिन शेयर बाजार में तेजी जारी है। शुक्रवार को लगातार 6ठे कारोबारी सत्र में भी तेजी जारी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 354 अंक या 0.90% चढ़कर साथ 39,467.31 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 88.35 अंक या 0.76% की बढ़त के साथ 11,647.60 अंक पर बंद हुआ।  बैंक शेयरों में तेजी तथा विदेशी फंड के प्रवाह से बाजार गुलजार  रहा। दिन में कारोबार के दौरान सेंसेक्स 39,579.58 अंक के उच्चस्तर तक पहुंच गया था।

इनके शेयर चढ़े और घटे

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे अधिक आठ प्रतिशत चढ़ गया। एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सनफार्मा, एसबीआई और कोटक बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर पावरग्रिड, इन्फोसिस, मारुति, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट आई। 

कोटक सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष पीसीजी शोध संजीव जरबड़े ने कहा कि तेजी से आर्थिक पुनरोद्धार तथा वित्तीय और मौद्रिक मोर्चे पर अतिरिक्त समर्थन की उम्मीद से बाजार में बढ़त कायम रही। उन्होंने कहा कि विदेशी कोषों के प्रवाह तथा अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से भी बाजार की धारणा मजबूत हुई।

शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने गुरुवार को शुद्ध रूप से 1,164.32 करोड़ रुपए की लिवाली की। रुपए में जोरदार बढ़त से निवेशकों की धारणा बेहतर हुई। रुपया 43 पैसे की बढ़त के साथ 73.39 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

इस बीच, अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग तथा दक्षिण कोरिया का कोस्पी लाभ में रहे। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल ने कहा है कि केंद्रीय बैंक महंगाई दर पर अधिक उदार रुख अपनाएगा। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख था। इस बीच, अंतराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.35% के नुकसान से 45.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

End of Article