नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (State Bank Of India) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को बड़ी खुशखबरी दी है। बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (SBI FD Rate Hike) पर ब्याज दर बढ़ाने का फैसला लिया है। नई ब्याज दरें 14 जून 2022 से ही लागू हो गई हैं। हालांकि यह बढ़ोतरी सभी टेन्योर के लिए नहीं की गई है। एसबीआई की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, दो करोड़ रुपये से कम और 211 दिन से लेकर तीन साल में मैच्योर होने वाली फिक्स्ड डिपॉजिट पर अब पहले से ज्यादा ब्याज मिलेगा। आइए जानते हैं अब नई ब्याज दरें (Latest Fixed Deposit Interest Rate) कितनी हैं।
- 211 दिन से लेकर एक साल से कम की अवधि के लिए जमा पर ब्याज दर 4.60 फीसदी हो गई है। जबकि पहले यह 4.40 फीसदी थी। वरिष्ठ नागरिकों को पहले के 4.90 फीसदी के मुकाबले अब 5.10 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- इसी तरह एक साल से लेकर दो साल से कम की अवधि के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट ग्राहकों को 5.30 फीसदी ब्याज मिलेगा। इसमें 0.20 फीसदी की वृद्धि की गई है। वरिष्ठ नागरिकों को 5.80 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- भारतीय स्टेट बैंक ने दो साल से लेकर तीन साल से कम की फिक्स्ड डिपॉजिट पर भी ब्याज दर बढ़ा दी है। यह 5.20 फीसदी से बढ़ाकर 5.35 फीसदी कर दी गई है। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को 5.85 फीसदी ब्याज मिलेगा। जबकि पहले उन्हें 5.70 फीसदी का लाभ मिलता था।
- दो करोड़ रुपये और उससे ज्यादा की थोक फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दर में 0.75 फीसदी तक की वृद्धि की गई है।
उल्लेखनीय है कि सरकारी सेक्टर के भरतीय स्टेट बैंक ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) को बढ़ाकर 7.15 फीसदी कर दिया है। यह पहले 6.65 फीसदी थी। यह 15 जून 2022 यानी आज से लागू हो गई है।
End of Article

