ICICI Bank Credit Card Charges: आजकल कई लोग क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं। अगर क्रेडिट कार्ड के बिल के पेमेंट में देरी होती है तो बैंक आपसे लेट फीस (Late Fees) वसूलते हैं। आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने अपने क्रेडिट कार्ड के लेट पेमेंट की फीस में बदलाव कर दिया है। अगर आपने क्रेडिट की पेमेंट में एक दिन की भी बढ़ोतरी की, तो आपको ज्यादा पैसे देने होंगे। क्रेडिट कार्ड के अलावा अन्य फाइनेंशियल सेवाओं के लेट फीस में भी बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 10 फरवरी 2022 से लागू होंगी। आइए जानते हैं इनके बारे में।
10 फरवरी 2022 से आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को कैश एडवांस के लिए सभी कार्डों पर 2.50 फीसदी की ट्रांजैक्शन फीस देनी होगी। इसकी न्यूनतम राशि 500 रुपये है। कैश एडवांस कैश निकासी के लिए आपके क्रेडिट कार्ड का उपयोग करने की सुविधा है। वहीं चेक रिटर्न के मामले में बैंक कुल देय राशि का 2 फीसदी चार्ज करेगा। इसकी न्यूनतम राशि भी 500 रुपये है।
10 फरवरी से क्रेडिट कार्ड पर इतना लगेगा विलंब शुल्क
| बकाया राशि | शुल्क |
| 100 रुपये से कम | शून्य |
| 100 रुपये से 500 रुपये तक | 100 रुपये |
| 501 रुपये से 5000 रुपये तक | 500 रुपये |
| 5001 रुपये से 10,000 रुपये तक | 750 रुपये |
| 10,001 रुपये से 25,000 रुपये तक | 1000 रुपये |
| 50,000 रुपये से अधिक | 1200 रुपये |
इतनी लगेगी क्रेडिट कार्ड पर लेट फीस (Credit Card Charges)
आईसीआईसीआई बैंक एमराल्ड क्रेडिट कार्ड (ICICI Bank Emerald Credit Card) को छोड़कर अपने सभी क्रेडिट कार्ड के लिए लेट फीस बदल दी है। अगर आपकी कुल बकाया राशि 100 रुपये से कम है, तो बैंक आपसे कोई शुल्क नहीं लेगा। लेकिन 100 रुपये से अधिक की बकाया राशि के लिए लेट फीस लगेगी। इसके लिए बैंक ज्यादा से ज्यादा 1200 रुपये वसूलेगा, जो 50,000 रुपये से अधिक की राशि के लिए लागू है।

