Gold and Silver Rate Today, 02 February 2022: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) द्वारा संसद में बजट (Budget 2022) पेश करने के एक दिन बाद सोना सस्ता हो गया है। आज सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं चांदी की कीमत में मामूली तेजी दर्ज की गई है। हालांकि बजट में सोने-चांदी पर कोई ऐलान नहीं हुआ। अगर आप भी सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं तो आइए पहले जानते हैं इसका दाम कितना है।
वायदा बाजार में इतना हुआ सोने-चांदी का दाम
एमसीएक्स पर सोना वायदा (Gold futures on MCX) 0.24 फीसदी या 116 रुपये की गिरावट के साथ 47,796 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं चांदी का वायदा भाव (Silver futures) 0.03 फीसदी या 21 रुपये की मामूली तेजी के साथ 61,379 रुपये प्रति किलोग्राम पर सपाट रहा।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, हाजिर बाजार में मंगलवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना (Gold Rate In India) 48,254 रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी (Silver Rate In India) 61,610 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी। सोने के हाजिर भाव में पिछले सत्र की तुलना में 500 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक का उछाल आया है, जबकि चांदी एक दिन पहले की तुलना में करीब 600 रुपये प्रति किलोग्राम चढ़ी है।
वैश्विक बाजार में इतना रहा दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो हाजिर सोना 1,801.25 डॉलर प्रति औंस पर था। पिछले सत्र में, निवेश मजबूत होने के कारण सर्राफा ने 1,805.43 डॉलर के स्तर को छुआ था। अमेरिकी सोना वायदा 1,801.10 डॉलर पर सपाट था। हाजिर चांदी 0.1 फीसदी बढ़कर 22.66 डॉलर प्रति औंस और प्लैटिनम 0.2 फीसदी बढ़कर 1,028.65 डॉलर हो गया, जबकि पैलेडियम 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 2,360.65 डॉलर पर बंद हुआ।

बजट में हुआ ये ऐलान
मालूम हो कि सरकार ने मंगलवार को बजट में ऐलान किया कि कटे और पॉलिश किए गए हीरे पर सीमा शुल्क घटाकर 5 फीसदी किया जाएगा। सरकार द्वारा सीमा शुल्क में कमी से पॉलिश किए गए हीरे और रत्नों की कीमत सस्ती होगी।

