यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने बैगेज स्कैनिंग सिस्टम को किया अपग्रेड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 10, 2022, 02:50 PM IST

X-BIS System: साल के अंत तक दिल्ली मेट्रो के समस्त स्टेशनों पर 250 से अधिक एक्स-रे बैगेज स्कैनर लगा दिए जाएंगे। वर्तमान में पूरे डीएमआरसी नेटवर्क के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर लगभग 400 एक्स-बीआईएस मशीनें लगी हुई हैं।

यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने बैगेज स्कैनिंग सिस्टम को किया अपग्रेड

मेट्रो स्टेशनों के सुरक्षा जांच स्थलों पर एक्स-रे बैगेज स्कैनिंग सिस्टम (X-BIS System) को अपग्रेड करने तथा उसे सुदृढ़ बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अपने स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से अत्यधिक उन्नत और आधुनिकतम बैगेज स्कैनर लगाने की शुरुआत की है। इन नए लगाए गए बैगेज स्कैनरों की उन्नत विशेषताओं से यात्रियों को अतिरिक्त सुरक्षा और संरक्षा मिल सकेगी। बुजुर्ग और महिला य़ात्रियों को अपना भारी सामान उठाने तथा उसे स्कैनिंग के लिए रखने में और भी सुविधा होगी।

ये बैगेज स्कैनिंग सिस्टम (X-BIS System) निम्नलिखित अतिरिक्त सुविधाओं से लैस हैं :-

  1. बैगेज की त्वरित क्लीयरेंस: ये स्कैनर अब प्रति घंटा 550 बैग हैंडल कर सकेंगे, जो इससे पहले प्रति घंटा 350 बैग हैंडल कर पा रहे थे। इसके लिए, कन्वेयर बैल्ट की गति 18 सें.मी. प्रति सेकेंड से बढ़ाकर 30 सें.मी. प्रति सेकेंड की गई है। इसका उद्देश्य सुरक्षा जांच स्थलों पर, विशेषकर व्यस्त अवधि के दौरान, यात्रियों की भारी भीड़ को कम करना है। 
  2. उन्नत और प्रभावी निगरानी: स्कैनिंग के दौरान हाई रिजॉल्यूशन इमेज वाले बड़े आकार के स्थापित नए मॉनिटरों से किसी विस्फोटक, हथियार रखे जाने इत्यादि जैसी     खतरनाक वस्तुओं का त्वरित और तत्काल आकलन हो सकेगा। इसके अलावा, बैगेज निरीक्षण के दौरान 35 मि.मी. मोटी स्टील प्लेट का एक्स-रे द्वारा आकलन भी किया जा सकेगा।
  3. इनपुट/आउटपुट कन्वेयर का झुकाव: संशोधित किए गए एक्स-बीआईएस सिस्टम में हाथ से एडजस्ट हो सकने तथा एक्सटेंड किए जा सकने वाला इन्क्लाइंड कन्वेयर बैल्ट सिस्टम होगा, जिसमें बैगेज रखते समय और साथ ही उसके बाहर निकलते समय कन्वेयर बैल्ट को नीचे की ओर झुकाया जा सकेगा। यह वृद्ध यात्रियों के लिए विशेष रूप से सहायक होगा जो कम ऊंचाई वाले कन्वेयर पर आसानी से अपना सामान रख सकेंगे।
  4. ऑडियो-वीडियो द्वारा निरंतर निगरानी: बैगेज स्कैनर के ठीक ऊपर लगा 360 डिग्री घूमने वाला कैमरा एक्स-बीआईएस सिस्टम प्रोसेस की क्लियर ऑडियो एवं वीडियो फुटेज कैप्चर कर सकेगा जो किसी अप्रिय घटना, जैसे चोरी, यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच किसी विवाद इत्यादि के मामले में उपयोगी सिद्ध होगा।

स्कैनिंग मशीन पर ड्यूटी पर तैनात बैगेज ऑपरेटर (सीआईएसएफ स्टाफ) के सहायतार्थ अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जैसे- वायरलैस सेटों, हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टरों, मोबाइल फोन इत्यादि के लिए चार्जिंग पोर्ट, पानी के बोतल के लिए हैंगर की व्यवस्था तथा विविध उपयोग हेतु मूवेबल रेक, जिसमें यूनिफॉर्म और अन्य जरूरी वस्तुएं इत्यादि रखी जा सकती हैं। इस समय कश्मीरी गेट, एम्स, विश्वविद्यालय, हुडा सिटी सेंटर, राजौरी गार्डन, मयूर विहार फेज-1, नोएडा सेक्टर-18, पालम इत्यादि जैसे प्रमुख स्टेशनों पर पुराने एक्स-बीआईएस सिस्टम को बदलकर ग्राहक-अनुकूल विशेष व्यवस्थाओं वाले 34 ऐसे बैगेज स्कैनर पहले से ही लगाए जा चुके हैं।

धीरे-धीरे वर्ष के अंत तक दिल्ली मेट्रो के समस्त स्टेशनों पर 250 से अधिक ऐसे बैगेज स्कैनर लगा दिए जाएंगे। वर्तमान में पूरे डीएमआरसी नेटवर्क के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर लगभग 400 एक्स-बीआईएस मशीनें लगी हुई हैं।

End of Article