बिजनेस

Apple ने भारत में कमाई के तोड़े सारे रिकॉर्ड, iPhone से ज्यादा बिके ये प्रोडक्ट!

Apple iPhone iPad Sale: एप्पल ने भारत में अभी तक का रिकॉर्ड कमाई की है। उसने जुलाई-सितंबर 2024 में आईपैड की बिक्री में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गयी है।

Image

एप्पल ने भारत में दर्ज किया रिकॉर्ड राजस्व

Apple iPhone iPad Sale: आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल ने भारत में अभी तक का रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया है। जुलाई-सितंबर 2024 में देश में आईपैड की बिक्री में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गयी है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया, समीक्षाधीन अवधि में कुल शुद्ध बिक्री छह प्रतिशत से अधिक बढ़कर 94.93 अरब डॉलर हो गई, जो एक वर्ष पूर्व 89.49 अरब डॉलर थी।

Apple के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने कंपनी की आय की जानकारी देते हुए कहा कि हमने अमेरिका, यूरोप तथा शेष एशिया प्रशांत क्षेत्र के साथ-साथ अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको, फ्रांस, ब्रिटेन, कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में सितंबर तिमाही के राजस्व रिकॉर्ड दर्ज किए। हम भारत में जो उत्साह देख रहे हैं, उससे काफी खुश हैं जहां हमने सर्वकालिक रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया है। कुक ने कहा कि एप्पल ने इस तिमाही में देश में दो नए स्टोर भी खोले। एक स्टोर मुंबई में और दूसरा दिल्ली में खोला गया। उन्होंने कहा कि हम भारत में ग्राहकों के लिए चार नए स्टोर खोलने को उत्साहित हैं।

Apple ने भारत में पुणे, बेंगलुरु, दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और मुंबई में चार और स्टोर खोलने की योजना की अक्टूबर की शुरुआत में घोषणा की थी। काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2024 की तिमाही में भारत में मूल्य के लिहाज से एप्पल आईफोन की बिक्री में हिस्सेदारी 21.6 प्रतिशत रही जो सैमसंग से थोड़ी ही कम है।

उत्पादों की बिक्री से एप्पल का राजस्व जुलाई-सितंबर 2023 तिमाही में 67.18 अरब अमेरिकी डॉलर की तुलना में इस वर्ष समान अवधि में 4.12 प्रतिशत बढ़कर 69.95 अरब डॉलर हो गया। आईफोन की बिक्री सालाना आधार पर 43.8 अरब डॉलर से करीब 5.5 प्रतिशत बढ़कर 46.22 अरब डॉलर हो गई।

Apple के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी लुका मैस्त्री ने कहा कि आईपैड ने सात अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले साल की तुलना में आठ प्रतिशत अधिक है। विकसित बाजारों में वृद्धि के अलावा हमने कई उभरते बाजारों में भी मजबूत प्रदर्शन देखा जिसमें मैक्सिको, ब्राजील, पश्चिम एशिया, भारत तथा दक्षिण एशिया में दोहरे अंकों की वृद्धि हुई।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article