बिजनेस

FSSAI की जांच के बीच हेरिटेज फूड्स ने कहा- सुरक्षा मानकों के अनुरूप है उसका पनीर

कंपनी ने यह भी कहा कि उत्पाद के लेबल पर सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी, निर्माण की तारीख और उपयोग की अंतिम तारीख जैसी अनिवार्य जानकारियां दी गई हैं। FSSAI से कंपनी ने कहा कि ’फ्रेश पनीर’ शब्द उत्पाद की रेफ्रिजेरेटेड और ’प्रिजर्वेटिव’-मुक्त प्रकृति को संदर्भित करता है।

Image

कंपनी ने कहा कि उपभोक्ता का भरोसा और खाद्य सुरक्षा कामकाज का प्रमुख आधार है।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने हेरिटेज फूड्स लिमिटेड से उसके 'हेरिटेज फ्रेश पनीर' के पैकेट पर लिखे 'फ्रेश' (ताज़ा) शब्द को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। 30 जून को भेजे गए पत्र में एफएसएसएआई ने कंपनी से पूछा कि उसने लेबल पर इस शब्द का इस्तेमाल किस आधार पर किया है।

इस पर हेरिटेज फूड्स ने बुधवार को कहा कि उसका पनीर साफ-सुथरी और स्वच्छ परिस्थितियों में पाश्चराइज्ड दूध से बनाया जाता है। कंपनी के सीईओ श्रीदीप केशवन ने कहा कि ग्राहकों का भरोसा, खाने की सुरक्षा और सभी सरकारी नियमों का पालन करना कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

साफ सुथरी परिस्थितियों में बनता है पनीर

कंपनी ने बताया कि उसने एफएसएसएआई के सभी सवालों का विस्तार से जवाब दे दिया है और अब उसे प्राधिकरण की अगली सूचना का इंतजार है। हेरिटेज फूड्स के सीईओ श्रीदीप केशवन ने कहा कि कंपनी का पनीर अच्छी गुणवत्ता वाले पाश्चुरीकृत दूध से साफ-सुथरी और स्वच्छ परिस्थितियों में बनाया जाता है, ताकि उसकी प्राकृतिक गुणवत्ता बनी रहे।

कंपनी का कहना है कि उसके पनीर में किसी भी तरह का प्रिजर्वेटिव नहीं मिलाया जाता। इसे हमेशा ठंडे तापमान (रेफ्रिजरेटेड) में रखा और ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है। साथ ही, पैकेट पर सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी, बनाने की तारीख और इस्तेमाल की अंतिम तारीख जैसी सभी जरूरी जानकारियां भी साफ तौर पर लिखी गई हैं।

एफएसएसएआई के समक्ष सौंपे गए अपने जवाब में हेरिटेज फूड्स ने कहा कि ’फ्रेश पनीर’ शब्द उत्पाद की रेफ्रिजेरेटेड और ’प्रिजर्वेटिव’-मुक्त प्रकृति को संदर्भित करता है। इसके अलावा, पैकिंग पर लिखी ’हेल्थ एंड हैप्पीनेस’ (स्वास्थ्य और खुशी) की बात कंपनी के व्यापक ब्रांड दर्शन को दर्शाती है और यह उसके पंजीकृत ट्रेडमार्क का हिस्सा है, न कि यह किसी उत्पाद-विशेष के स्वास्थ्य से जुड़ा कोई दावा है। केशवन ने कहा कि कंपनी ब्रांड नाम और लेबलिंग से जुड़े सवालों को लेकर नियामक के साथ सहयोग कर रही है।

(इनपुट-भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत में यह भी पढ़ें-

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article