बिजनेस

एयर इंडिया ने शुरू किया सस्ता ‘बेसिक किराया’ ऑप्शन, नहीं मिलेगा मुफ्त भोजन

Air India Basic Fare: बढ़ती परिचालन लागत के बीच एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों में बिना मुफ्त भोजन वाला ‘मूल किराया’ विकल्प शुरू किया है। फिलहाल चुनिंदा मार्गों पर इसका परीक्षण किया जा रहा है।

Image

एयर इंडिया का कम किराए पर यात्रा का नया विकल्प

Photo : iStock

Air India Basic Fare : देश की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों में यात्रियों के लिए एक नया और सस्ता टिकट विकल्प शुरू किया है। कंपनी ने ‘मूल किराया’ (Basic Fare) नाम से यह नई कैटेगरी पेश की है, जिसमें यात्रियों को कम कीमत पर टिकट मिलेगा, लेकिन मुफ्त भोजन की सुविधा नहीं दी जाएगी। एयर इंडिया का कहना है कि यह विकल्प पूरी तरह से वैकल्पिक है। यानी यात्री अपनी जरुरत और बजट के अनुसार इस कैटेगरी को चुन सकते हैं या फिर पहले से उपलब्ध अन्य किराया कैटेगरी का चयन कर सकते हैं।

पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी अन्य कैटेगरी

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वैल्यू, क्लासिक और फ्लेक्स जैसी मौजूदा किराया कैटेगरी पहले की तरह जारी रहेंगी। इन कैटेगरी में यात्रियों को मुफ्त भोजन सहित कई अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं। इन टिकटों की कीमत सुविधाओं के अनुसार अलग-अलग होती है। ज्यादा सुविधाओं वाली श्रेणियों के लिए यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ता है।

बजट यात्रियों को ध्यान में रखकर लिया फैसला

एयर इंडिया के अनुसार, ‘मूल किराया’ विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है जो कम कीमत पर यात्रा करना चाहते हैं और कुछ सुविधाओं में कटौती स्वीकार कर सकते हैं। कंपनी का मानना है कि कई यात्री उड़ान के दौरान भोजन की बजाय कम टिकट कीमत को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे यात्रियों को ध्यान में रखते हुए यह नया विकल्प पेश किया गया है।

फिलहाल चुनिंदा मार्गों पर होगा परीक्षण

एयर इंडिया ने बताया कि अभी इस नई व्यवस्था को कुछ चुनिंदा घरेलू मार्गों पर परीक्षण के तौर पर लागू किया गया है। कंपनी इस दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया और सुझावों पर नजर रखेगी। परीक्षण अवधि पूरी होने के बाद यह तय किया जाएगा कि ‘मूल किराया’ विकल्प को आगे भी जारी रखा जाए या नहीं। यदि यात्रियों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो इसे अन्य मार्गों पर भी लागू किया जा सकता है।

सामान ले जाने की सुविधा बनी रहेगी

हालांकि इस किराया श्रेणी में मुफ्त भोजन शामिल नहीं होगा, लेकिन सामान ले जाने की सुविधा में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। ‘मूल किराया’ के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों को 15 किलोग्राम तक चेक-इन बैगेज और 7 किलोग्राम तक केबिन बैगेज ले जाने की अनुमति मिलेगी। इससे यात्रियों को जरूरी सामान के साथ यात्रा करने में कोई परेशानी नहीं होगी।

चाय-कॉफी मिलेगी, भोजन नहीं

इस नई कैटेगरी में यात्रियों को मुफ्त भोजन नहीं दिया जाएगा। हालांकि एयरलाइन ने बताया कि उड़ान के दौरान चाय, कॉफी जैसे पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे। एयर इंडिया का कहना है कि बढ़ती परिचालन लागत के बीच यात्रियों को अधिक विकल्प देने और टिकट कीमतों को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

यात्रियों की प्रतिक्रिया पर होगा आगे का फैसला

कंपनी ने कहा कि परीक्षण के दौरान मिलने वाले सुझावों और यात्रियों के अनुभव के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल एयर इंडिया यह जानना चाहती है कि कम किराए और सीमित सेवाओं वाला यह मॉडल यात्रियों को कितना पसंद आता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article