Aaj Ka Sone Chandi Ka Bhav 07 June 2023: मंगलवार को 375 रुपये की तेजी के बाद सोना एक बार फिर लुढ़क रहा है। बुधवार को दोपबर 12 बजे के करीब सोना और चांदी दोनों में गिरावट है। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में 140 रुपये की गिरावट है। दोपहर में सोने 59,710 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। जबकि चांदी की कीमतों में 190 रुपये की गिरावट है। चांदी का प्रति किलोग्राम दाम गिरकर 71,710 रुपये पर पहुंच गया है। हाजिर बाजार की तरह वायदा कारोबार में सोने और चांदी में बड़ी गिरावट का ट्रेंड है।
MCX पर क्या हैं रेट
MCX पर दोपहर 11 बजकर 55 मिनट के आंकड़ों के अनुसार सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर है। सोना प्रति 10 ग्राम 125 रु यानी 0.21 फीसदी गिरकर 59,860 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। वहीं चांदी प्रति किलोग्राम 237 रु यानी 0.33 फीसदी गिरकर कर 71,719 रु पर आ गई। भारतीय बाजार की तरह अमेरिकी बाजार में भी सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट बनी हुई है। सोना 0.14 फीसदी गिरकर 1,978.80 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी 0.21 फीसदी गिरकर 23.62 प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।
मंगलवार को सोने में थी तेजी
वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 375 रुपये की तेजी के साथ 60,775 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था। जबकि चांदी की कीमत 50 रुपये की गिरावट के साथ 72,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। विदेशी बाजारों में सोना तेजी के साथ 1,956 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी मामूली नुकसान के साथ 23.43 डॉलर प्रति औंस रह गई।
