अगर आपने अपने कुछ कामों को फेस्टिव सीजन होने की वजह से अगले महीने के लिए पेंडिंग छोड़ा है तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। दरअसल, 1 नवंबर 2025 से देशभर में कई बड़े नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव आपकी जेब, निवेश और रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डालेंगे। इनमें आधार कार्ड, बैंकिंग सिस्टम, क्रेडिट कार्ड, गैस सिलेंडर और म्यूचुअल फंड से जुड़े नियम शामिल हैं। अगर आप इन अपडेट्स से अनजान हैं तो आपको नुकसान भी झेलना पड़ सकता है। आइए जानते हैं, कौन से हैं ये 5 बड़े बदलाव जो 1 नवंबर से लागू होने जा रहे हैं।
बदल जाएंगे ये 5 नियम
आधार कार्ड अपडेट के नियम हुए आसान
UIDAI ने आधार कार्ड अपडेट से जुड़ी प्रक्रिया को और सरल बना दिया है। अब आपको नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी अपडेट कराने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। ये सब आप ऑनलाइन कर पाएंगे। सिर्फ बायोमेट्रिक डिटेल्स जैसे फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन के लिए ही केंद्र जाना जरूरी होगा। नई व्यवस्था में UIDAI आपकी जानकारी को PAN, पासपोर्ट, राशन कार्ड, मनरेगा और स्कूल रिकॉर्ड जैसे सरकारी डेटाबेस से ऑटोमेटिक तरीके से वेरिफाई करेगा। यानी अब डॉक्यूमेंट अपलोड करने की झंझट खत्म हो जाएगी।
SBI क्रेडिट कार्ड पर बढ़े चार्जेज
अगर आपके पास SBI क्रेडिट कार्ड है, तो यह बदलाव आपके लिए बेहद जरूरी है। 1 नवंबर से अनसिक्योर्ड कार्ड्स पर 3.75% चार्ज लगाया जाएगा। अगर आप थर्ड-पार्टी ऐप्स जैसे CRED, CheQ या Mobikwik के जरिए स्कूल या कॉलेज की फीस भरते हैं, तो उस पर 1% अतिरिक्त शुल्क देना होगा। हालांकि, अगर आप स्कूल की ऑफिशियल वेबसाइट या उसके POS मशीन से भुगतान करते हैं, तो कोई चार्ज नहीं लगेगा। इसके अलावा ₹1,000 से ज्यादा का वॉलेट लोड करने पर 1% शुल्क और कार्ड से चेक पेमेंट करने पर ₹200 का चार्ज देना होगा।
म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए नए नियम
SEBI ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए म्यूचुअल फंड निवेश से जुड़े नए नियम लागू किए हैं। अब अगर किसी AMC (Asset Management Company) के अधिकारी, कर्मचारी या उनके परिवार के सदस्य ₹15 लाख से अधिक का ट्रांजैक्शन करते हैं, तो कंपनी को यह जानकारी अपने Compliance Officer को देनी होगी। यह कदम निवेशकों के हितों की रक्षा और इनसाइडर ट्रेडिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बैंक अकाउंट और लॉकर के नॉमिनी नियमों में बदलाव
बैंकिंग सिस्टम में भी 1 नवंबर से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। अब ग्राहक अपने बैंक अकाउंट, लॉकर और सेफ कस्टडी के लिए एक नहीं, बल्कि चार नॉमिनी बना सकेंगे। इस बदलाव को Banking Law (Revision) Act 2025 के तहत लागू किया जा रहा है। ग्राहक यह भी तय कर सकेंगे कि किस नॉमिनी को कितना हिस्सा मिलेगा। अगर पहला नॉमिनी नहीं रहता, तो उसका हिस्सा अपने आप दूसरे नॉमिनी को ट्रांसफर हो जाएगा। इससे भविष्य में विवादों की संभावना कम होगी और प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
LPG, CNG और PNG की कीमतों में संभावित बदलाव
हर महीने की तरह 1 नवंबर को भी एलपीजी (LPG), सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों के आधार पर इन दरों में बदलाव करती हैं। ऐसे में इस बार भी गैस के दामों में बढ़ोतरी या राहत दोनों की संभावना बनी हुई है।
