बिजनेस

एक, दो या तीन नहीं पूरे 5 तरह के होते हैं होम लोन, आपके लिए कौन सा बेस्ट?

बहुत से लोगों को लगता है कि होम लोन सिर्फ एक-दो तरह के होते हैं, लेकिन वास्तव में इसके 5 अलग-अलग तरह के होते हैं होम परचेज लोन, होम कंस्ट्रक्शन लोन, होम इम्प्रूवमेंट लोन, होम एक्सटेंशन लोन और ब्रिज होम लोन। हर लोन का मकसद और फायदा अलग होता है।

Image

Home Loan

अगर आप घर खरीदने के लिए लोन लेने वाले हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। घर खरीदना लगभग हर किसी का सपना होता है, लेकिन बढ़ते खर्च और जिम्मेदारियों के कारण हर कोई अपनी कमाई से इसे पूरा नहीं कर पाता। ऐसे में होम लोन एक बड़ा सहारा बन जाता है। बहुत से लोग सोचते हैं कि होम लोन सिर्फ एक-दो तरह का होता है, लेकिन हकीकत में होम लोन के पांच अलग-अलग तरह होते हैं, और हर एक का अपना फायदा है। ऐसे में आइए जानते हैं कौन सा लोन आपके लिए सबसे बेहतर रहेगा।

5 तरह के होम लोन

1. होम परचेज लोन

अगर आप नया फ्लैट या तैयार घर खरीदना चाहते हैं, तो ये सबसे आम और आसान लोन है। बैंक आमतौर पर प्रॉपर्टी की कीमत का 80–90% तक लोन देते हैं। लोन की अवधि 20 से 30 साल तक हो सकती है ताकि आपकी EMI ज्यादा न बढ़े।

2. होम कंस्ट्रक्शन लोन

अगर आप खुद का घर बनवाना चाहते हैं, तो ये लोन सही रहता है। इसमें घर बनाने का खर्च और कुछ मामलों में प्लॉट की कीमत भी शामिल हो सकती है, बशर्ते प्लॉट खरीदे हुए एक साल से ज्यादा समय न हुआ हो।

3. होम इम्प्रूवमेंट लोन

अगर आपका घर पुराना है और आप पेंटिंग, फर्श बदलने या नया किचन बनवाने जैसे काम करना चाहते हैं, तो ये लोन काम आता है। बैंक आसानी से ये लोन देते हैं क्योंकि प्रॉपर्टी पहले से आपके नाम होती है।

4. होम एक्सटेंशन लोन

अगर आप अपने मौजूदा घर में एक नया रूम या फ्लोर जोड़ना चाहते हैं, तो ये लोन सबसे सही है। इसे घर का साइज बढ़ाने के लिए लिया जाता है।

5. ब्रिज होम लोन

ये शॉर्ट टर्म लोन होता है। अगर आप पुराना घर बेचकर नया घर लेना चाहते हैं लेकिन बिक्री में समय लग रहा है, तो ये लोन उस गैप को पूरा करता है। आमतौर पर बैंक इसे 2 साल तक की अवधि के लिए देते हैं।

क्या आप दो होम लोन ले सकते हैं?

हां, अगर आप जॉइंट लोन लेते हैं, यानी पति-पत्नी या किसी परिवार के सदस्य के साथ। अगर दोनों की इनकम मजबूत है और क्रेडिट स्कोर (CIBIL Score) अच्छा है (750 से ऊपर), तो बैंक ज्यादा अमाउंट और कम ब्याज दर पर लोन देने को तैयार होते हैं। अच्छा सिबिल स्कोर बनाए रखने के लिए समय पर EMI और बिल चुकाना जरूरी है। इसमें ध्यान देने वाली बात है ये है कि होम लोन लेने से पहले जरूरी डॉक्यूमेंट आपको तैयार रखने होंगे जिससे आपको लोन मिलने में आसानी होगी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और एड्रेस प्रूफ (बिजली, पानी या मोबाइल बिल)। बैंक की वेबसाइट या ब्रांच में जाकर आवेदन कर सकते हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article