Bhopal: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला के चेहरे पर मारी ब्लेड, आए 108 टांके, मुख्‍यमंत्री ने की मुलाकात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 12, 2022, 05:41 PM IST

Bhopal Crime:भोपाल में तीन बदमाशों ने भरे बाजार एक महिला से छेड़खानी की कोशिश की, महिला ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने महिला के चेहरे पर ब्‍लेड से वार कर दिया, जिससे 108 टांके लगाने पड़े। इस हमले के तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Bhopal: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला के चेहरे पर मारी ब्लेड, आए 108 टांके, मुख्‍यमंत्री ने की मुलाकात
Photo Credit: Twitter

Bhopal Crime: भोपाल से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर अपने पति के साथ बाइक पर बैठकर जा रही एक महिला से बाजार के बीच में सरेराह छेड़छाड़ की कोशिश की गई, जब महिला ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने महिला के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। जिससे महिला के माथे से लेकर कान तक गंभीर चोट लगी है। इस हमले की वजह से चेहरे पर 108 टांके लगाने पड़े। भरे बाजार हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान भी रविवार को पीड़िता से मिलने पहुंचे। वहीं सीएम के सख्‍त आदेश के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भापेाल पुलिस के अनुसार , घटना 9 जून को टीटी नगर इलाके में घटी थी। पीड़िता, एक डॉक्टर के यहां हेल्पर का काम करती है। घटना के दिन वह अपने पति के साथ बाइक पर बैठकर किसी काम से बाजार गई थी। महिला का पति पानी लेने एक दुकान पर गया, तभी बाइक के पास खड़ी महिला के पास कुछ बदमाश आ गए और अभद्र टिप्पणियां करते हुए छेड़खानी करने लगे।

महिला ने किया विरोध तो बदमाशों ने मार दी ब्‍लेड

भरे बाजार बदमाशों द्वारा की जा रही इस छेड़खानी को महिला ने कुछ देर तक नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब बात हद से आगे चली गई तो महिला ने गुस्से में एक बदमाश को पकड़ कर थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद महिला और बदमाशों के बीच कहासुनी हो गई। बीच सड़क झगड़ा होता देखकर वहां बहत सारे लोग जमा हो गए, जिसके बाद वहां से बदमाश भाग गए। पीड़ित महिला ने बताया कि इसके बाद मैं पति के साथ बाइक से घर जाने लगी, तभी वे बदमाश ऑटो से आए और उनमें से एक ने चेहरे पर ब्लेड से वार कर दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मुख्यमंत्री ने दिया उचित कार्रवाई का भरोसा

इस घटना के वायरल होने के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात मुख्य आरोपी बादशाह बेग (38), अजय उर्फ बिट्‌टी सिबदे (18) और निखिल (20) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रविवार को मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहन पीड़िता से मिलने उनके घर पहुंचे। कुछ देर हुई इस मुलाकात के दौरान उन्‍होंने पीड़िता को सख्‍त कानूनी कार्रवाई के साथ हर जरूरी मंदद करने का आश्‍वासन भी दिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!