Yamaha Aerox S Launched: यामाहा ने भारत में एरॉक्स 155 स्कूटर का नया एस वेरिएंट लॉन्च कर दिया है जिसकी एक्सशोरूम कीमत 1,50,600 रुपये है। इस वेरिएंट के साथ कीलेस एंट्री दी गई है जिसके बाद स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले इसकी कीमत 3,000 रुपये बढ़ गई है। ये अब देश में उपलब्ध कुछ ही स्कूटर्स में शामिल हो गई है जिनके साथ कीलेस एंट्री मिलती है। इनमें होंडा एच स्मार्ट भी आती है। कीलेस एंट्री की मदद से आप अपने स्कूटर को सिर्फ एक बटन दबाकर लोकेट कर सकते हैं। बटन दबाते ही स्कूटर के इंडिकेटर ऑन हो जाते हैं और साउंड से इसकी लोकेशन मिल जाती है।
यामाहा एरॉक्स एस
कंपनी ने एरॉक्स एस को सिर्फ दो रंगों - सिल्वर और रेसिंग ब्लू में उपलब्ध कराया है। ये अब देश का सबसे महंगा यामाहा स्कूटर बन गया है जिसकी कीमत मोटोजीपी एडिशन से भी करीब 1,500 रुपये ज्यादा है। नई यामाहा एरॉक्स के साथ ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा स्कूटर वेरिएबल वॉल्व एक्चुएशन से लैस है जो नई जनरेशन 155 सीसी ब्लू कोर इंजन के साथ आता है। कंपनी ने इसके साथ सीवीटी गियरबॉक्स दिया है और ये लिक्विड-कूल्ड, 4-स्ट्र्रोक, एसओएचसी इंजन है। ये इंजन 8,000 आरपीएम पर 15 पीएस ताकत और 6,500 आरपीएम पर 13.9 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।
ई20 ईंधन से भी चलेगी
यामाहा ने नए एरॉक्स 155 स्कूटर को ई20 ईंधन के अनुकूल बनाया है, यानी 20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंड वाले पेट्रोल पर इसे चलाया जा सकता है। इसके अलावा ऑनबोर्ड डायग्नोस्टिक्स सिस्टम ओबीडी2 यहां ग्राहकों को मिलता है और सामान्य तौर पर इसके साथ हजार्ड सिस्टम भी दिया गया है। यामाहा एरॉक्स 155 स्कूटर चार रंगों में उपलब्ध है जिनमें मैटेलिक ब्लैक, रेसिंग ब्लू, ग्रे वर्मिलियन और सिल्वर शामिल हैं। कंपनी ने एरॉक्स एस वेरिएंट में कोई तकनीकी बदलाव नहीं किया है। इसका इंजन काफी दमदार है और शहरी इलाकों में ये 50.3 किमी/लीटर माइलेज देती है, वहीं हाइवे पर इसका माइलेज 57.2 किमी/लीटर हो जाता है।
