ऑटो न्यूज़

इस दिवाली बुक करेंगे ये कारें तो मिलेंगी अगली दिवाली पर, कुछ पर तो 2 साल की है वेटिंग

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 7, 2022, 01:35 PM IST

कोविड महामारी और सेमीकंडक्टर चिप की तंगी के चलते वाहन निर्माता कंपनियों की समस्या काफी बढ़ गई है, वहीं मांग और पूर्ती में एक लंबा अंतर आ चुका है. स्थिति ये है कि ग्राहकों को कुछ वाहनों पर करीब 2 साल की वेटिंग मिल रही है.

Image

कुछ कारें इतनी पसंद की जा रही हैं कि इनके लिए कंपनियां लंबी वेटिंग दे रही हैं

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • सबसे लंबे वेटिंग पीरियड वाली कारें
  • कुछ पर तो मिल रही 2 साल वेटिंग
  • अभी बुक करेंगे तो मिलेगी अगले साल

Cars With Longest Waiting Period: त्योहारों का सीजन आ चुका है और यही समय है जब ज्यादातर भारतीय ग्राहक अपना नया वाहन खरीदते हैं. नवरात्र से दशहरा और दिवाली तक धड़ल्ले से बिक्री जारी रहती है और वाहन निर्माता कंपनियां इस समय ग्राहकों को ऑफर्स और डिस्काउंट्स देकर आकर्षित करने की कोई कसर नहीं छोड़तीं. हालांकि कुछ कारें इतनी पसंद की जा रही हैं कि इनके लिए कंपनियां लंबी वेटिंग दे रही हैं, ऐसे में आपकी जेब में पैसा होने के बाद भी आपको तत्काल ये वाहन नहीं मिलते.

क्या है इतनी लंबी वेटिंग की वजह

महिंद्रा की कुछ एसयूवी का हाल ये है कि इस दिवाली आप इन्हें बुक करेंगे तो ये अगली दिवाली पर आपको मिलेगी. तो यहां हम आपको बता रहे हैं उन गाड़ियों के बारे में जिनपर वेटिंग बहुत ज्यादा है. कारों पर वेटिंग मिलने की शुरुआत महामारी से शुरू हुई जब कंपनियों का प्रोडक्शन पूरी तरह बंद हो गया था. इसके बाद वैश्विक स्तर पर सेमीकंडक्टर चिप की तंगी ने वाहन निर्माताओं की इस समस्या को सबसे ज्यादा बढ़ाया. यही नहीं, इस समस्या को सुलझाने में अभी काफी समय लगने वाला है.

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन

महिंद्रा ने कुछ समय पहले ही भारतीय मार्केट में बिल्कुल नई स्कॉर्पियो एन एसयूवी लॉन्च की है और इसकी बुकिंग खुलते ही समझ में आ गया था कि ये ब्लॉक बस्टर वाहन साबित होगा. बुकिंग शुरू होते ही महज 60 सेकंड में ही नई स्कॉर्पियो एन को 25,000 बुकिंग्स मिलीं जो खास कीमत पर उपलब्ध कराई गई थी. इसके बाद 30 मिनट में बुकिंग का ये आंकड़ा 1 लाख तक पहुंच गया. तो डिमांड कितनी है ये तो साफ हो गया, अब करते हैं वेटिंग पीरियड की बाद. महिंद्रा स्कॉर्पियो एन को आज बुक करने पर इसके कुछ वेरिएंट्स आपको 20-22 महीने बाद मिलेंगे, यानी करीब 2 साल बाद.

Kia Carens

Kia Carens

किआ कारेंस एमपीवी

दक्षिण कोरिया की वाहन निर्माता किआ ने भारतीय बाजार में मारुति सुजुकी अर्टिगा का दबदबा कम करने के लिए कारेंस एमपीवी लॉन्च की है. अब बुकिंग और वेटिंग का आंकड़ा देखकर समझ में आता है कि इस काम में किआ इंडिया सफल भी रही है. आज अगर आप कारेंस एसयूवी बुक करते हैं तो आपको ये एसयूवी करीब 20 महीने बाद मिलेगी, यानी मोटा-मोटा हिसाब लगाएं तो ये अगली की अगली दिवाली पर आपको मिलने वाली है.

Mahindra XUV700

Mahindra XUV700

महिंद्रा एक्सयूवी700

महिंद्रा की नई एक्सयूवी700 पर वेटिंग स्कॉर्पियो एन से भी पहले से जारी है और लंबे समय से ग्राहक अपनी एसयूवी पाने का इंतजार कर रहे हैं. अगर आप आज नई महिंद्रा एक्सयूवी700 की बुकिंग करते हैं तो ये 16 महीने बाद आपको मिलेगी जो 2024 की शुरुआत का समय होगा. कहने का मतलब अगर पैसा लेकर शोरूम जाएं और सोचें की कार लेकर वापस जाएंगे, तो पहले डीलरशिप पर अपनी पसंद की गई कार के वेटिंग पीरियड की जानकारी जरूर लें.

Mahindra Thar

Mahindra Thar

इन कारों पर 1 साल से कम वेटिंग

किआ की सस्ती कार सॉनेट की भी मार्केट में जोरदार डिमांड है और इसपर ग्राहकों को 11 महीने की वेटिंग दी जा रही है. इसके अलावा लोगों की चहेती ह्यून्दे क्रेटा पर कंपनी 9 महीने की वेटिंग दे रही है. ह्यून्दे वेन्यू की बात करें तो इस कार पर आपको 7 महीने से कम वेटिंग नहीं मिलने वाली. कारेंस के मुकाबले मारुति सुजुकी अर्टिगा पर आपको 6 महीने की वेटिंग मिलने वाली है और इसका सीएनजी वर्जन पाने में 10 महीने का समय लग सकता है. महिंद्रा थार, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा हाइराइडर और मारुति सुजुकी बलेनो पर 5-6 महीने की वेटिंग मिल रही है.

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article