ऑटो न्यूज़

अप्रैल में बिकीं रिकॉर्ड 4.37 लाख कारें! पिछले साल के मुकाबले बिक्री में 25% का जबरदस्त उछाल

Auto Sales April 2026: सियाम (SIAM) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 4.37 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गई है।

Image

SIAM Sales Report 2026 (Photo: iStock)

Auto Sales April 2026: भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए इस साल का अप्रैल का महीना शानदार रहा। सियाम (Society of Indian Automobile Manufacturers) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहनों से लेकर टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर सेगमेंट तक लगभग सभी श्रेणियों में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

कारों की बिक्री में 25.4 प्रतिशत का उछाल

SIAM Sales Report 2026

SIAM Sales Report 2026 (Photo: iStock)

SIAM के मुताबिक, अप्रैल 2026 में घरेलू पैसेंजर व्हीकल डिस्पैच में सालाना आधार पर 25.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनियों ने इस दौरान डीलर्स को कुल 4,37,312 यूनिट्स भेजीं। जबकि पिछले साल अप्रैल 2025 में यह आंकड़ा 3,48,847 यूनिट्स था। यानी एक साल के भीतर यात्री वाहन बाजार में काफी मजबूत उछाल देखने को मिला है।

दोपहिया वाहनों की बिक्री 28 प्रतिशत बढ़ी

टू-व्हीलर सेगमेंट में भी शानदार बढ़त दर्ज की गई है। SIAM के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में कुल दोपहिया वाहन बिक्री 28.4 प्रतिशत बढ़कर 18,72,691 यूनिट्स तक पहुंच गई। जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 14,58,784 यूनिट्स था। यह बढ़ोतरी दर्शाती है कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में भी दोपहिया वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

थ्री-व्हीलर सेगमेंट में 32.8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज

थ्री-व्हीलर सेगमेंट ने भी अप्रैल में मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनियों की ओर से डीलर्स को भेजे गए थ्री-व्हीलर वाहनों की संख्या 32.8 प्रतिशत बढ़कर 65,668 यूनिट्स पहुंच गई, जबकि पिछले साल अप्रैल में यह आंकड़ा 49,441 यूनिट्स था। माना जा रहा है कि ई-रिक्शा और कमर्शियल थ्री-व्हीलर्स की बढ़ती मांग ने इस ग्रोथ को मजबूती दी है।

अप्रैल में जारी रही शानदार बिक्री

सियाम के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन (Rajesh Menon) ने कहा, "ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में पिछले वित्त वर्ष के दूसरे हिस्से में जो तेजी देखने को मिली थी, वही रफ्तार नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले महीने अप्रैल में भी जारी रही।"

उन्होंने बताया कि पैसेंजर व्हीकल, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर तीनों सेगमेंट में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

उन्होंने आगे कहा, "अप्रैल 2026 में पैसेंजर वाहनों की बिक्री 4.37 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई, जो अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री मानी जा रही है। यह पिछले साल अप्रैल के मुकाबले 25.4 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी रिकॉर्ड बिक्री हुई और लगभग 66 हजार यूनिट्स की बिक्री के साथ 32.8 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई। टू-व्हीलर सेगमेंट में भी करीब 18.73 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल अप्रैल के मुकाबले 28.4 प्रतिशत अधिक है।"

SIAM का कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव की वजह से कच्चे माल और कमोडिटी की कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में वाहनों की मांग मजबूत बनी हुई है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article