ऑटो न्यूज़

MG Comet EV के सभी वेरिएंट्स की कीमत का खुलासा, जानें प्ले और प्लश के दाम

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated May 5, 2023, 01:19 PM IST

MG Motor India ने कंपनी और फिलहाल देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार Comet EV के सभी वेरिएंट्स की कीमत का खुलासा कर दिया है। कॉमेट के Play वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 9.28 लाख रुपये है। जानें Plush के दाम।

Image

कॉमेट ईवी तीन वेरिएंट्स - पेस, प्ले और प्लश में लॉन्च की गई है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • कॉमेट के सभी वेरिएंट्स की कीमत
  • प्ले के लिए देने होंगे रु 9.28 लाख
  • प्लश की एक्सशोरूम कीमत 9.98 लाख

MG Comet EV Price List: एमजी मोटर इंडिया ने हाल में 7.98 लाख रुपये इंट्रोडक्टरी कीमत पर अपनी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार देश में लॉन्च की है। कॉमेट ईवी तीन वेरिएंट्स - पेस, प्ले और प्लश में लॉन्च की गई है। अब कंपनी ने इसके बाकी दो वेरिएंट्स की कीमत का खुलासा कर दिया है। एमजी कॉमेट प्ले की एक्सशोरूम कीमत जहां 9.28 लाख रुपये रखी गई है, वहीं इसके प्लश वेरिएंट के लिए ग्राहकों को 9.98 लाख रुपये खर्च करने होंगे। एमजी ने शहरी इलाकों के ग्राहकों को टार्गेट करके ये कार बनाई है जो रेंज के साथ-साथ ट्रैफिक भरी सड़कों के लिए एक जोरदार विकल्प बनकर उभरी है।

कितने ग्राहकों को होगा खास कीमत लाभ

एमजी मोटर इंडिया पहले 500 ग्राहकों को कॉमेट ईवी खास कीमत पर उपलब्ध कराने वाली है। यानी सिर्फ पहली 500 बुकिंग्स तक 7.98 लाख रुपये कीमत पर ये ईवी मिलेगी, इसके बाद बेस वेरिएंट की कीमत भी बढ़ा दी जाएगी। ये भी बता दें कि 15 मई को कंपनी नई कॉमेट इलेक्ट्रिक कार की बुकिंग शुरू करने वाली है और 22 मई से इसकी डिलीवरी भी शुरू कर दी जाएगी। भारतीय मार्केट में एमजी जेडएस ईवी के बाद कंपनी की ये दूसरी इलेक्ट्रिक कार है जो ज्यादातर ग्राहकों के बजट में समा चुकी है।

टाटा टिआगो ईवी से सीधा मुकाबला

एमजी इंडिया ने नई कॉमेट ईवी को काफी आकर्षक प्राइस टैग के साथ लॉन्च किया है जिसके बाद इसका सीधा मुकाबला टाटा टिआगो ईवी से हो रहा है। इसके अलावा सिट्रॉएन की हालिया लॉन्च ईसी3 से भी ये टक्कर मोल लेगी। दो दरवाजों वाली ये कॉॅम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार है जो 4 लागों के लिए पर्याप्त स्पेस वाले सीटिंग लेआउट में आती है। आकार की बात करें तो एमजी कॉमेट की हाइट 1,640 मिमी है और इसकी चौड़ाई 1,550 मिमी है। इस कार के साथ 12-इंच के स्टील व्हील्स दिए गए हैं।

सिंगल चार्ज में कितना चलेगी कार

एमजी कॉमेट के साथ 17.3 किलोवाट-आर बैटरी पैक दिया गया है, इसे लेकर कंपनी ने दावा किया है कि सिंगल चार्ज में नई ईवी को 230 किमी तक चलाया जा सकता है। बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस के लिए यहां तीन ड्राइविंग मोड्स - ईको, नॉर्मल और स्पोर्ट दिए गए हैं। कार के पिछले एक्सल पर सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर लगी है जो 41 एचपी ताकत और 110 एनएम पीक टॉर्क बनाती है, वहीं कॉमेट की टॉप स्पीड 100 किमी/घंटा है।

फीचर्स में भी पैसा वसूल है कॉमेट

एमजी ने कॉमेट इलेक्ट्रिक कार के साथ दो 12.5-इंच के स्क्रीन दिए हैं जिनमें से पहला इंफोटेनमेंट डिस्प्ले है। ये ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के अलावा कई थर्ड पार्टी ऐप्स भी सपोर्ट करता है। दूसरा स्क्रीन पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले है। कार में आपको कोई डैशबोर्ड नहीं मिलेगा, लेकिन सामान रखने के लिए काफी जगह दी गई है, यहां तक कि बैग टांगने के लिए हुक भी मिले हैं। ये कार सिंगल टोन कलर में व्हाइट, ब्लैक और सिल्वर विकल्प में आई है, वहीं डुअल-टोन कलर्स में ग्राहकों को ग्रीन के साथ ब्लैक रूफ और व्हाइट के साथ ब्लैक रूप मिलेगी।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article