ऑटो न्यूज़

मारुति सुजुकी की सबसे महंगी इंविक्टो एमपीवी लॉन्च, जोरदार फीचर्स और धांसू माइलेज

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jul 5, 2023, 05:51 PM IST

Maruti Suzuki ने भारत में नई Invicto MPV लॉन्च की है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 24.79 लाख रुपये है। ये नई कार दिखने में जितनी खूबसूरत है, फीचर्स और माइलेज में भी उतनी ही जोरदार है।

Image

ये एमपीवी टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस है जिसे मारुति सुजुकी ने अपने बैज के साथ मार्केट में पेश किया है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मारुति सुजुकी ने लॉन्च की इंविक्टो
  • भारत में कंपनी की सबसे महंगी कार
  • जोरदार फीचर्स और शानदार लुक

Maruti Suzuki Invicto: मारुति सुजुकी ने भारत में अपनी सबसे महंगी इंविक्टो एमपीवी लॉन्च कर दी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 24.79 लाख रुपये रखी गई है। टॉप मॉडल के लिए ये कीमत 28.42 लाख रुपये तक जाती है और फिलहाल ये कीमत इंट्रोडक्टरी है। असल में ये एमपीवी टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस है जिसे मारुति सुजुकी ने अपने बैज के साथ मार्केट में पेश किया है। जहां मारुति सुजुकी देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता है और अपनी छोटी और हैचबैक कारों के लिए मशहूर है, वहीं प्रीमियम एमपीवी सेगमेंट में एंट्री के साथ कंपनी की उम्मीद काफी अच्छे प्रदर्शन की है।

एसयूवी कर रहीं जोरदार प्रदर्शन

मारुति सुजुकी देश के एसयूवी सेगमेंट में जोरदार प्रदर्शन कर रही है जिसमें ग्रैंड विटारा, जिम्नी और फ्रॉन्क्स शामिल हैं। बता दें कि प्रीमियम एमपीवी सेगमेंट में मारुति सुजुकी इंविक्टो का मुकाबला इनोवा क्रिस्टा और इनोवा हाइक्रॉस से होने वाला है जिनका मार्केट में दबदबा है। यहां और भी कई गाड़ियां पहले से इस मुकाबले में मौजूद हैं, लेकिन सालों से टोयोटा इनोवा के सामने कोई नहीं टिक पाया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मारुति सुजुकी इंविक्टो इस सेगमेंट में बड़़े प्राइस टैग के साथ कैसा प्रदर्शन करती है।

केबिन में फीचर्स की भरमार

नई इंविक्टो के केबिन में कंपनी ने खूब सारे फीचर्स दिए हैं जिनमें 10-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, पैनोरमिक सनरूफ के साथ एंबिएंट लाइटिंग, बीच की कतार में रिक्लाइनर सीट्स, मल्टी जोन क्लाइमेट कंट्रोल, ग्रीन लेमिनेटेड ग्लासेस, 6 स्पीकर साउंड सिस्टम, पावर्ड टेलगेट और कई अन्य फीचर्स शामिल हैं। यहां आपको सुजुकी कनेक्ट मिलेगा जो इस एमपीवी को 50 से ज्यादा रिमोट फीचर्स देता है। ग्राहकों को इंविक्टो में ई-कॉल फंक्शन भी मिलेगा जो किसी भी मारुति सुजुकी कार के साथ पहली बार दिया गया है।

23 किमी से ज्यादा मिलेगा माइलेज

मारुति सुजुकी ने नई इंविक्टो के साथ 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन दिया है जो स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक के साथ आया है। ये इंजन 183 बीएचपी ताकत और 250 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, कंपनी ने इसके साथ ई-सीवीटी गियरबॉक्स दिया है। एमपीवी को सामान्य तौर पर इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक्स दिए गए हैं, वहीं 6 एयरबैग्स, टीपीएमएस और 360-डिग्री कैमरा भी दिया गया है। इंविक्टो 3 ड्राइविंग मोड्स - नॉर्मल, स्पोर्ट और ईको में आई है और ये एक लीटर पेट्रोल में 23.24 किमी तक माइलेज देती है। कंपनी ने बताया है कि नई एमपीवी के लिए 6,200 बुकिंग्स लॉन्च से पहले ही मिल चुकी हैं।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article