ऑटो न्यूज़

Mahindra Scorpio N की लंबी वेटिंग से परेशान ग्राहक, अब लीगल एक्शन की कर रहे तैयारी!

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated May 9, 2023, 06:07 PM IST

लॉन्च के बाद से ही Mahindra Scorpio N की जोरदार डिमांड जारी है और ग्राहकों को इस SUV पर लंबी वेटिंग दी जा रही है। अब कुछ ग्राहक इस वेटिंग से इतने परेशान हो गए हैं कि वो कंपनी के खिलाफ लीगल एक्शन ले सकते हैं।

Image

कुछ ग्राहक ऐसे भी हैं जो अब कानून की मदद लेने वाले हैं।

KEY HIGHLIGHTS
  • महिंद्रा स्कॉर्पियो एन पर लंबी वेटिंग
  • परेशान ग्राहक लीगल एक्शन लेंगे?
  • कन्ज्यूमर फोरम में करेंगे शिकायत!

Mahindra Scorpio N Waiting: महिंद्रा ने पिछले साल मार्केट में नई स्कॉर्पियो एन लॉन्च की है और बुकिंग शुरू होते ही ये नई एसयूवी सुपरहिट साबित हो चुकी है। ग्राहकों की दिलचस्पी महिंद्रा स्कॉर्पियो एन में इस कदर बढ़ी है कि इस गाड़ी के कुछ वेरिएंट्स पर तो 1 साल से भी ज्यादा वेटिंग मिल रही है। इतनी लंबी वेटिंग से परेशान ग्राहक या तो बुकिंग रद्द कर रहे हैं, या मजबूरी में अपनी नई गाड़ी का इतजार कर रहे हैं। लेकिन यहां कुछ ग्राहक ऐसे भी हैं जो अब कानून की मदद लेने वाले हैं। इन लोगों ने एक ग्रुप बनाया है जिसमें वो महिंद्रा के खिलाफ लीगल एक्शन लेने वाले हैं।

1 मार्च तक मिलनी थी डिलीवरी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की बुकिंग करने वाले एक ग्राहक को डिलीवरी की अनुमानित समय 30 जनवरी से 1 मार्च 2023 के बीच बताया गया था। लेकिन 1 मार्च के बाद डिलीवरी टाइमलाइन की ऑनलाइन लिंक ने काम करना बंद कर दिया है और डिलीवरी के लिए अब तक उन्हें कोई कॉल नहीं आया है। अब इस कस्टमर ने महिंद्रा के खिलाफ कन्ज्यूमर फोरम में केस करने का मन बना लिया है, क्योंकि इन्हें अपनी गाड़ी की डिलीवरी पर कोई रियल टाइम जानकारी नहीं मिल पा रही है।

जोरदार डिमांड के बीच कीमत बढ़ी

स्कॉर्पियो एन को जोरदार डिमांड मिलती जा रही है और इसी बीच महिंद्रा ने स्कॉर्पियो लवर्स को जोरदार झटका देते हुए इस एसयूवी की कीमत में 1 लाख रुपये तक इजाफा कर दिया है. महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की अब शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 12.74 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 24.05 लाख तक जाती है. कंपनी ने ज्यादातर वेरिएंट्स के दाम में 55,000 से 75,000 रुपये तक का इजाफा किया है. इसके अलावा एसयूवी के महंगी वेरिएंट्स की कीमत 15,000 रुपये बढ़ा दी गई है.

जोरदार है नई स्कॉर्पियो का मुकाबला

महिंद्रा ने नई स्कॉर्पियो एन को अर्बन एसयूवी कहा है जो बिल्कुल नए सिरे से तैयार की गई है और इसके साथ सबकुछ नया दिया गया है. नई जनरेशन मॉडल का एक्सटीरियर और इंटीरियर मौजूदा मॉडल के मुकाबले बिल्कुल नया है. मुकाबले पर नजर डालें तो भारतीय मार्केट में इसका मुकाबला टाटा हैरियर, टाटा सफारी, ह्यून्दे क्रेटा और ह्यून्दे एल्कजार जैसी कारों से होने वाला है.

स्कॉर्पियो क्लासिक की तुलना में बड़ी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की तुलना स्कॉर्पियो क्लासिक से करें तो ये 206 मिमी लंबी, 97 मिमी चौड़ी और 70 मिमी ज्यादा व्हीलबेस के साथ मार्केट में उतारी गई है. नई जनरेशन के साथ 17-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, एलईडी टेललैंप्स, इलेक्ट्रिक ओआरवीएम और शार्कफिन एंटीना जैसे बाहरी बदलाव दिए गए हैं. ये एसयूवी 7 रंगों - डीप फॉरेस्ट, डैजलिंग सिल्वर, रॉयल गोल्ड, नपोली ब्लैक, ऐवरेस्ट व्हाइट, रैड रेज और ग्रैंड कैनन में पेश की गई है.

केबिन में क्या-क्या मिला

व्हीलबेस बढ़ने से नई स्कॉर्पियो एन का केबिन पहले ज्यादा जगह वाला हो गया है और महिंद्रा ने इसे प्रीमियम बनाया है. यहां 12 स्पीकर्स वाले सोनी सिस्टम के साथ 3डी सराउंड साउंड सिस्टम, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, 20.32 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सेगमेंट में सबसे चौड़ी सनरूफ, लेदरेट सीट्स और 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स एसयूवी के केबिन में दिए गए हैं. यहां एड्रीनॉक्स के जरिए टेंपरेचर कंट्रोल किया जा सकता है, इसके अलावा दावा है कि ये दुनिया की पहली एसयूवी है जिसे व्हाट3वर्ड्स नेविगेशन सिस्टम दिया गया है जो वॉइस कमांड पर काम करता है.

कितना दमदार है इंजन

नई स्कॉर्पियो एन के साथ एमस्टेलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 200 पीएस ताकत और 380 एनएम पीक टॉर्क बनाता है. दूसरी ओर एमहॉक डीजल इंजन 175 पीएस पावर और 400 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. ये नई एसयूवी सेगमेंट की सबसे कम प्रदूषण फैलाने वाली कार बनकर सामने आई है. कंपनी ने इस दोनों इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों से लैस किया है. इसके साथ ही सेगमेंट में पहली बार शिफ्ट बाय केबल तकनीक का इस्तेमाल भी इसी एसयूवी में किया गया है.

सेफ्टी में भी जोरदार है नई एसयूवी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के साथ 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल, ब्रेक डिस्क वाइपिंग, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्रीफिल, ई-कॉल, एसओएस स्विच और रोल ओवर मिटिगेशन जैसे कई और सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा नई एसयूवी कई ड्राइविंग मोड्स के साथ आई है जिनमें टारमेक, स्नो, मड और डेजर्ट शामिल हैं. नई कार को 4एक्सप्लोर टेरेन मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है.

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article