कार खरीदने के साथ कार इंश्योरेंस का बोझ अलग से उठाना पड़ता है। यह साल दर साल प्रत्येक वाहन मालिकों को चुकाना होता है। कार इंश्योरेंस का बढ़ता बोझ बहुत सारे लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। आपको बता दें कि भारत में कार इंश्योरेंस प्रीमियम, वाहन के प्रकार, उसकी उम्र, इंजन का साइज और रजिस्ट्रेशन के शहर के आधार पर तय होता है। लेकिन अगर आप अपनी कार कभी-कभार ही चलाते हैं तो क्या आपको भी एक सामान इंश्योरेंस प्रीमियम देना होगा या आप कम प्रीमियम का भुगतान कर सकते हैं। हां, आप कम प्रीमियम चुकाने का विकल्प चुन सकते हैं। बीमा कंपनियां अब पे-एज-यू-ड्राइव का विकल्प मुहैया करा रही है। आइए जानते हैं कि यह क्या है और कैसे प्रीमियम बोझ कम करने में मदद करता है।
पे-एज-यू-ड्राइव कैसे काम करता है?
भारत में, इंश्योरेंस कंपनियां आपको चलाए गए किलोमीटर या चुनी गई समयावधि के आधार पर इंश्योरेंस चुनने की अनुमति देती हैं। उदाहरण के लिए, आप नियमित पॉलिसी की तुलना में कम प्रीमियम पर 3,000 किमी या 5,000 किमी प्रति वर्ष का प्लान खरीद सकते हैं। कुछ बीमा कंपनियां माइलेज रिकॉर्ड करने के लिए टेलीमैटिक्स डिवाइस, GPS ट्रैकर या यहां तक कि स्मार्टफोन ऐप का भी इस्तेमाल करती हैं। एक बार जब आप सीमा पार कर लेते हैं, तो आपको या तो कवर को टॉप-अप करना होगा या यह ज्यादा शुल्क वाली एक मानक पॉलिसी में बदल जाएगा।
कभी-कभार कार चलाने वालों के लिए बेस्ट
पे-एज-यू-ड्राइव पॉलिसी कभी-कभार कार चलानों वालों के लिए डिजाइन की गई हैं। सेवानिवृत्त लोग जो अपनी कार केवल सप्ताहांत में ही निकालते हैं, वे लोग जो ज्यादातर सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं, या वे लोग जिनके पास दूसरी कार है जिसे वे रोजना नहीं चलाते। अगर आप सालाना 6,000-7,000 किलोमीटर से कम चलाते हैं, तो आप एक स्टैंडर्ड कार पॉलिसी की तुलना में प्रीमियम पर 10-25% तक की बचत कर सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति कार बीमा पर सालाना ₹25,000 का भुगतान करता है, तो इसका मतलब सालाना ₹2,500-₹6,500 की बचत हो सकती है।
सभी कंपनियां ये सुविधा नहीं देती
सभी बीमा कंपनियां पे-एज-यू-ड्राइव की सुविधा नहीं देतीं। HDFC ERGO, ICICI लोम्बार्ड और बजाज आलियांज जैसी बीमा कंपनियां ये विकल्प उपलब्ध करा रही है। हालांकि, अगर आप इंश्योरेंस ले लेते हैं और आपकी ड्राइविंग कवर किए गए किलोमीटर से ज्यादा है, तो क्लेम करना भी मुश्किल हो सकता है। आपको टॉप-अप करवाना होगा या फिर अपनी जेब से खर्च उठाना पड़ेगा।
किसे लेना चाहिए?
अगर आपी कार हर साल बहुत कम चलती है, तो पे-एज-यू-ड्राइव पॉलिसी एक स्मार्ट विकल्प है। यह कम इस्तेमाल पर फायदा पहुंचाती है। लेकिन जिन परिवारों को उम्मीद से ज्यादा गाड़ी चलानी पड़ती है, उन्हें इस पॉलिसी को नहीं लेना चाहिए।
