भारतीय हल्दी की नई उड़ान! दुनिया में बढ़ा रहा दबदबा, किसानों को हो रहा बड़ा फायदा
- Authored by: रामानुज सिंह
- Updated Jan 14, 2026, 03:24 PM IST
Turmeric Production Export: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड (NTB) किसानों को सशक्त बना रहा है और भारत की हल्दी के निर्यात को बढ़ावा दे रहा है। बोर्ड की स्थापना के एक साल पूरे होने पर मंत्री ने बताया कि यह अपने लक्ष्यों को हासिल करने में अच्छी प्रगति कर चुका है।
हल्दी का स्वर्ण युग: NTB के कदमों से निर्यात और किसानों को बड़ा फायदा (तस्वीर-istock)
Turmeric Production Export : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड (NTB) भारतीय किसानों को सशक्त बना रहा है और देश की हल्दी का निर्यात दुनिया भर में बढ़ा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने यह बात बोर्ड की स्थापना के एक साल पूरे होने पर कही। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने अपने उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में अच्छे परिणाम हासिल किए हैं।
हल्दी उत्पादन और किसानों को सशक्त बनाना
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का मुख्य उद्देश्य है हल्दी का उत्पादन बढ़ाना, किसानों को सशक्त बनाना और भारतीय हल्दी का निर्यात बढ़ाना। उन्होंने कहा कि इस दिशा में बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मंत्री ने आशा जताई कि बोर्ड लगातार किसानों की मदद करता रहेगा और उन्हें नए अवसर देगा।
निर्यात में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में भारत से हल्दी के निर्यात में 50.7 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी पिछले साल के 226.58 मिलियन डॉलर से बढ़कर 341.54 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई। संसद के शीतकालीन सत्र में वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि 2024-25 में भारत से 1.76 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा हल्दी का निर्यात हुआ, जबकि 2023-24 में यह आंकड़ा 1.62 लाख मीट्रिक टन था।
भारत का वैश्विक बाजार में दबदबा
भारत दुनिया के हल्दी बाजार में 66 प्रतिशत हिस्सा रखता है। साल 2020 से भारत से हल्दी का सबसे अधिक आयात करने वाले टॉप-5 देश हैं: बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), अमेरिका, मलेशिया और मोरक्को। यह आंकड़े यह दर्शाते हैं कि भारतीय हल्दी की गुणवत्ता और मांग विश्व स्तर पर बहुत मजबूत है।
बोर्ड के प्रमुख प्रयास
राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड हल्दी और उसके उत्पादों के लिए नई संभावनाएं और बाजार तलाशने में जुटा हुआ है। बोर्ड का प्रयास है कि हल्दी से बने नए उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए, अंतरराष्ट्रीय बाजार में हल्दी के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़े और इसका उपयोग अधिक हो। इसके साथ ही बोर्ड हल्दी की आपूर्ति सीरीज को मजबूत और टिकाऊ बनाने पर भी काम कर रहा है।
बेहतर ढांचा और गुणवत्ता सुनिश्चित
बोर्ड निर्यात के लिए बेहतर ढांचा, परिवहन सुविधाएं और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कर रहा है। इससे न सिर्फ किसानों और व्यापारियों को फायदा होगा, बल्कि भारत की हल्दी को वैश्विक मानकों के अनुसार प्रतिस्पर्धी बनाए जाने में मदद मिलेगी।
भविष्य की दिशा
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड भविष्य में और ज्यादा सफल होगा। इससे भारतीय किसानों की आमदनी बढ़ेगी, व्यापारियों और निर्यातकों के लिए नए अवसर खुलेंगे और भारत की समृद्धि दुनिया भर में पहुंचेगी।