Agra Murder Case: आगरा में प्रेम-प्रसंग का खौफनाक मामला, पति और भाई के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 30, 2022, 01:35 PM IST

Agra Murder: आगरा में प्रेम-संबंध के चक्कर में एक युवक को मौत के घाट उतार दिया गया। महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि समझाने के बाद भी नारायण सिंह मान नहीं रहा था।

Agra Murder Case: आगरा में प्रेम-प्रसंग का खौफनाक मामला, पति और भाई के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट
Photo Credit: Twitter

Agra Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में दो महीने से लापता नारायण सिंह की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। तीनों ने मिलकर नारायण सिंह की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला और उसके भाई को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार जैतपुरा थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव से दो महीने पहले पिनाहट निवासी नारायण सिंह लापता हो गया था।

वहीं नारायण सिंह की पत्नी रूमा देवी ने 19 जून को जैतपुरा थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद रूमा देवी अपने देवर धर्मेंद्र के साथ 28 जून को थाने पहुंची और सिविल लाइन इटावा के लोहन्ना की रहने वाली एक महिला पर पति की हत्या का शक जताया। इसी शक के आधार पर पुलिस ने महिला के घर दबिश दी। दबिश के दौरान एक युवक घर से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। युवक से सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो उसने नारायण सिंह की हत्या करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में किया बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि, नारायण सिंह के पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। काफी समझाने के बाद भी वह मान नहीं रहा था। इसके बाद ही नारायण सिंह की हत्या की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया गया कि आरोपी, उसकी पत्नी और साले ने वारदात को अंजाम दिया था। तीनों ने गला घोंटकर नारायण सिंह की हत्या की और फिर शव को प्लास्टिक के बोरे में बांधकर लॉयन सफारी इटावा के सामने ग्वालियर बाईपास की पुलिया के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नारायण सिंह का शव बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश

एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। पुलिस को नारायण सिंह का मोबाइल ओरापियों के पास होने की जानकारी मिली है। जिससे सर्विलांस के आधार पर भी आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले में एसओ अवनीत मान का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!