दुनिया

WHO ने चेताया: कोविड-19 से भी घातक बीमारी के लिए तैयार रहे दुनिया, अभी से करें तैयारी शुरू

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 24, 2023, 11:19 AM IST

डॉ. टेड्रोस ने जिनेवा में अपनी वार्षिक स्वास्थ्य सभा को बताया कि अब अगली महामारी को रोकने के लिए रणनीति बनाने का समय है।

Image

कोविड-19 से भी घातक बीमारी दे सकती है दस्तक (Twitter@GHS)

WHO Warns Deadlier Desease: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भविष्य में कोविड-19 से भी बीमारी को लेकर चेतावनी दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख डॉ. टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस (Tedros Adhanom Ghebreyesus) ने कहा है कि दुनिया को एक ऐसे वायरस के लिए तैयार रहना चाहिए जो कोविड से भी घातक हो सकता है। कोविड से कम से कम 2 करोड़ लोग मारे गए हैं। WHO ने हाल ही में घोषित किया था कि कोविड-19 महामारी अब आपातकाल नहीं है। डॉ. टेड्रोस ने जिनेवा में अपनी वार्षिक स्वास्थ्य सभा (annual health assembly) को बताया कि अब अगली महामारी को रोकने के लिए रणनीति बनाने का समय है। स्विट्जरलैंड के जिनेवा में विश्व स्वास्थ्य सभा की बैठक में WHO प्रमुख ने साथ ही ये चेतावनी दी कि कोविड-19 महामारी अभी खत्म नहीं हुई है।

एक और वैरिएंट के उभरने का खतरा

डॉ. टेड्रोस ने कहा, एक और वैरिएंट के उभरने का खतरा है जो बीमारी और मौत का नया कारण बन सकता है। घातक क्षमता वाले एक और बीमारी के उभरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश इसे नकार नहीं सकते और अगली वैश्विक बीमारी दस्तक दे सकती है। हमें निर्णायक, सामूहिक और समान रूप से जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए। डब्ल्यूएचओ ने नौ प्राथमिक बीमारियों की पहचान की है जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। उपचार की कमी या महामारी पैदा करने की उनकी क्षमता के कारण उन्हें सबसे अधिक जोखिम भरा माना गया है।

दुनिया कोविड-19 के लिए तैयार नहीं थी

उन्होंने वार्षिक स्वास्थ्य सभा में कहा, दुनिया हैरान थी और कोविड-19 महामारी के लिए तैयार नहीं थी, जो एक सदी में सबसे गंभीर स्वास्थ्य संकट है। पिछले तीन वर्षों में कोविड -19 ने हमारी दुनिया को उल्टा कर दिया है। लगभग 70 लाख लोगों की मौत की सूचना है, लेकिन हम जानते हैं कि मौतें कई गुना अधिक हैं, कम से कम 2 करोड़। अगर अहम बदलाव नहीं लाएंगे तो कौन ये काम करेगा।

अगली महामारी दस्तक दे रही है

उन्होंने कहा कि अगली महामारी दस्तक दे रही है और यह आएगी ही। ऐसे में हमें निर्णायक, सामूहिक और समान रूप से जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए। डॉ. टेड्रोस ने कहा कि इस पीढ़ी (महामारी के लिए) की प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह वह पीढ़ी है जिसने अनुभव किया कि एक छोटा सा वायरस कितना भयानक हो सकता है। डब्ल्यूएचओ की घोषणा चीन द्वारा अपने लंबे समय तक शून्य-कोविड नीति प्रतिबंधों को खत्म करने के ठीक चार महीने बाद आई है। संक्रमण में बड़े उछाल से चीन भी प्रभावित हुआ है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article