दुनिया

बांग्लादेश में नहीं थम रही अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा; एक और हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या

बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही दिन पहले छात्र आंदोलन के एक प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की गोली लगने से मौत हो चुकी है। हादी को 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने सिर में गोली मारी थी। इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर ले जाया गया था, जहां 32 वर्षीय हादी ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद से वहां हिंसा का नया दौर शुरू हो गया है।

Image

बांग्लादेश में मारा गया हिंदू युवक अमृत मंडल।

बांग्लादेश में जारी हिंसा हर बीतते दिन के साथ और उग्र हो रही है। 17 साल बाद बीएनपी के नेता तारिक रहमान स्वनिर्वासन के बाद बांग्लादेश लौटे हैं। इस बीच, वहां के राजबाड़ी जिले के पंगसा उपजिला में एक और हिंदू युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उस पर जबरन वसूली करने का आरोप लगाकर भीड़ ने उसे मार डाला।

बीती रात की गई हत्या

यह घटना कल रात लगभग 11 बजे कालिमोहर यूनियन के होसेंदांगा गांव में हुई। पंगसा सर्कल के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) देब्रता सरकार ने इस बारे में आज जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अमृत मंडल के रूप में हुई है। उसे सम्राट के नाम से भी जाना जाता था। घटना के दौरान पुलिस ने उसके एक सहयोगी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया और उसके पास से दो आग्नेयास्त्र बरामद किए।

एएसपी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सम्राट को गंभीर अवस्था में बचाकर पंगसा उपज़िला स्वास्थ्य परिसर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे रात करीब 2 बजे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाद में सलीम के पास से एक पिस्तौल और एक वन-शूटर बंदूक बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया। सम्राट के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।

जबरन वसूली के आरोप

देब्रता सरकार ने यह भी बताया कि सम्राट के खिलाफ पंगसा थाने में कम से कम दो मामले दर्ज थे,जिनमें एक हत्या का मामला भी शामिल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सम्राट ने एक आपराधिक गिरोह बना रखा था और लंबे समय से जबरन वसूली तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। वह काफी समय तक भारत में छिपा रहा और हाल ही में गांव लौटा था। आरोप है कि उसने गांव के निवासी शहीदुल इस्लाम से जबरन वसूली की मांग की थी।

एएसपी के मुताबिक, बीती रात सम्राट अपने साथियों के साथ शहीदुल इस्लाम के घर पैसे वसूलने पहुंचा। उसी समय घरवालों ने 'लुटेरे आ गए-लुटेरे आ गए'चिल्लाकर शोर मचाया,जिस पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सम्राट की पिटाई कर दी। उसके अन्य साथी तो मौके से फरार हो गए, जबकि मोहम्मद सलीम को हथियारों के साथ पकड़ लिया गया।

बीते सोमवार को छात्रनेता मोतालेब शिकदर को मारी गई थी गोली

इससे पहले, बीते सोमवार को दक्षिण-पश्चिमी शहर खुलना में अज्ञात हमलावरों ने छात्र आंदोलन से जुड़े नेता मोतालेब शिकदर को सिर में गोली मार दी थी। मोतालेब शिकदर नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के खुलना डिविजन प्रमुख और पार्टी के वर्कर्स फ्रंट के केंद्रीय समन्वयक हैं।

हादी की मौत के बाद मचा बवाल

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही दिन पहले छात्र आंदोलन के एक प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की गोली लगने से मौत हो चुकी है। हादी को 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने सिर में गोली मारी थी। इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर ले जाया गया था, जहां 32 वर्षीय हादी ने दम तोड़ दिया।

हादी आगामी आम चुनाव में उम्मीदवार थे और उनकी मौत के बाद ढाका समेत कई शहरों में हिंसा भड़क उठी थी। अंतरिम सरकार ने उनके निधन पर देशव्यापी शोक का ऐलान किया था और हमलावरों को जल्द पकड़ने का दावा किया था।

हादी के बाद हाल ही में भारी बवाल के बीच भीड़ ने एक हिंदू युवक दीपू चंद्र की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हिंदू युवक की हत्या के बाद से तनाव और बढ़ गया है। आरोप लगाया गया कि दीपू चंद्र विश्व अरबी भाषा दिवस के अवसर पर कारखाने में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की। इसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और गुस्साई भीड़ ने उसकी हत्या कर दी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article