Michael Rubin : अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से पाकिस्तान को एक अरब डॉलर का राहत पैकेज जारी होने पर यूएस थिंक टैंक अमेरिकी एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट के सैन्य रणनीतिकार माइकल रूबिन ने ट्रंप प्रशासन को फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब पाकिस्तान आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है, ट्रंप प्रशासन को आईएमएफ से लोन जारी नहीं होने देना चाहिए था।
पाक को IMF से मिला है 1 अरब डॉलर
वाशिंगटन एग्जामिनर के ओ-पेड में रूबिन ने लिखा है कि 'चीन समर्थक और आतंकवाद में लिप्त देश के लिए एक अरब डॉलर का फंड जारी करना कहां तक उचित है।' बता दें कि आईएमएफ ने बीते शुक्रवार को पाकिस्तान को एक अरब डॉलर का राहत पैकेज जारी किया।
इससे आतंक के खिलाफ लड़ाई कमजोर हुई-रूबिन
रूबिन ने लिखा है, 'IMF की ओर से यह लोन ऐसे समय जारी हुआ जब पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने भारत में घुसकर गैर-मुस्लिमों की हत्या उनके परिवार के सामने की। हैरान करने वाली बात है कि पाकिस्तानी सेना के अफसर वर्दी में मारे गए आतंकवादियों के जनाजे में शामिल हुए।' रणनीतिकार ने कहा कि आईएमएफ की यह फंडिंग आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को कमजोर करने वाली है और इस संस्था के इस फंड पर सवाल उठने चाहिए।
IMF को यूस देता है 150 अरब डॉलर
रूबिन ने आगे लिखा है कि ट्रंप प्रशासन को अपनी वित्तीय ताकत दिखाते हुए आईएमएफ को दी जाने वाली अपनी मदद के बारे में दोबारा विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को पैसों की इस तरह की बर्बादी, धोखाधड़ी या असम्मान को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस अंतरराष्ट्रीय संस्था को 150 अरब डॉलर से ज्यादा की राशि देता है।
