मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हालात फिर से गंभीर हो गए हैं। समुद्री सुरक्षा के लिहाज से बिगड़े हालातों के बीच होर्मुज स्ट्रेट में सैकड़ों जहाज अभी भी फंसे हुए हैं, इन सबके बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है। ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका जल्द ही नए सैन्य हमले कर सकता है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ और हमलों की तैयारी कर रहा है और जरूरत पड़ी तो हम आज ही फिर से कार्रवाई की जाएगी।
तुर्किये की राजधानी अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के इतर पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि हमने बीती रात उन पर बहुत कड़ा प्रहार किया था और संभव है कि आज रात भी हम फिर से जोरदार हमला करें।
वे बहुत गलत तरीके से व्यवहार कर रहे- ट्रंप
ट्रंप ने ईरान के व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि "वे बहुत गलत तरीके से व्यवहार कर रहे हैं" और अमेरिका अपने हितों तथा अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाता रहेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि ईरान ने होरमुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाने के लिए ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि इन हमलों के जवाब में अमेरिकी कार्रवाई की जा रही है।
'युद्धविराम ‘समाप्त' लेकिन...'
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ अंतरिम समझौता ’समाप्त’ हो गया है लेकिन वह बातचीत जारी रहने देंगे। इस दौरान युद्धविराम की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि यह समाप्त हो गया है। उनके साथ बात करना समय की बर्बादी है।ट्रंप ने यह टिप्पणी तुर्किये के अंकारा में दो दिवसीय उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) शिखर सम्मेलन से इतर की। इससे कुछ घंटे पहले अमेरिका ने ईरान पर हमले किए थे, जिन्हें उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में टैंकरों पर ईरानी हमलों की जवाबी कार्रवाई बताया था।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में घोषित संघर्षविराम लगभग टूटता नजर आ रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच, कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि अमेरिका ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप पर नियंत्रण स्थापित करने के विकल्पों पर विचार कर सकता है। हालांकि, इस संबंध में अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
