Zohran Mamdani: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप ने न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि नए नेता 'भारतीय लोगों से नफरत करते हैं।' उन्होंने ममदानी को कम्युनिस्ट कहा है। उन्होंने ममदानी पर यहूदी लोगों से नफरत करने और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
एरिक ट्रंप ने कहा, 'दुनिया में कोई भी जगह न्यूयॉर्क शहर का मुकाबला नहीं कर सकती, और फिर भी आपके पास एक समाजवादी, कम्युनिस्ट, चाहे आप इसे कोई भी नाम दें, अगर वैसा नेता है जो नेतन्याहू को गिरफ्तार करना चाहता है, यहूदियों से नफरत करता है, भारतीय आबादी से नफरत करता है और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के पैसे कम करना चाहता है। आप जानते हैं कि इसकी क्या कीमत होगी। यह बहुत दुखद है।'
एरिक, ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष हैं। वे कहते हैं कि नए मेयर को बस 'सुरक्षित सड़कों, साफ सड़कों, उचित करों पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है और ये शहर बिना सरकारी हस्तक्षेप के अपने आप फल-फूल जाएंगे।'
नए मेयर बने ममदानी
डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी ने इस महीने की शुरुआत में न्यूयॉर्क शहर के मेयर का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया। वह शहर के पहले मुस्लिम मेयर और एक सदी से भी ज्यादा समय में सबसे कम उम्र के मेयर बने हैं। CNN के अनुसार, वह 1 जनवरी को शपथ लेंगे।
ममदानी ने पहले कहा था कि अगर इजरायली प्रधानमंत्री न्यूयॉर्क में कदम रखेंगे तो वह नेतन्याहू को गिरफ्तार कर लेंगे। उन्होंने नवंबर 2024 में अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया था। ममदानी ने कहा, 'मैंने बार-बार कहा है कि यह एक ऐसा शहर है जो अंतरराष्ट्रीय कानून में विश्वास करता है।' 'यह एक ऐसा शहर है जिसके मूल्य हमारी प्रतिबद्धताओं में प्रतिबिंबित होने चाहिए और मुझे लगता है कि हमारे शहर को अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय द्वारा जारी वारंट का पालन करना चाहिए।' ममदानी ने बार-बार कहा है कि अगर नेतन्याहू कभी शहर आते हैं, तो वह ICC वारंट का सम्मान करेंगे और उन्हें हवाई अड्डे पर ही गिरफ्तार कर लेंगे।
