दुनिया

'भारत के साथ हमने की है ऐतिहासिक ट्रेड डील', ट्रंप बोले-इससे हमारे कोयले निर्यात में आया जबर्दस्त उछाल

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बात बुधवार को आयोजित 'चैंपियन ऑफ द कोल इवेंट' में कहीं। इस समारोह में ट्रंप ने कहा कि जापान, दक्षिण कोरिया, भारत सहित कई देशों के साथ हुए ट्रेड डील से यूएस के कोयला निर्यात में भारी वृद्धि हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यूएस बड़ी मात्रा में इसका निर्यात करने जा रहा है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ हुए ट्रेड डील को ऐतिहासिक बताया है और कहा है कि इससे अमेरिका के कोयला निर्यात में जबर्दस्त उछाल आया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ऊर्जा का सबसे ज्यादा उत्पादन करने वाले देशों में शामिल है और यूएस बड़ी मात्रा में इसका निर्यात करने जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बात बुधवार को आयोजित 'चैंपियन ऑफ द कोल इवेंट' में कहीं। इस समारोह में ट्रंप ने कहा कि जापान, दक्षिण कोरिया, भारत सहित कई देशों के साथ हुए ट्रेड डील से यूएस के कोयला निर्यात में भारी वृद्धि हुई है।

'मैंने आठ युद्ध रुकवाए'

ट्रंप ने मंगलवार को ’फॉक्स बिजनेस’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, 'मैंने आठ युद्ध रुकवाए। इन आठ युद्धों में से कम से कम छह शुल्क के कारण सुलझे। मैंने कहा कि अगर आप यह युद्ध नहीं रोकते हैं तो मैं आप पर शुल्क लगा दूंगा क्योंकि मैं नहीं चाहता कि लोग मारे जाएं। मेरे विचार में यह एक परमाणु युद्ध में बदल सकता था। वे वास्तव में युद्ध की ओर बढ़ रहे थे, 10 विमान मार गिराए गए थे।’ ट्रंप ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा था, 'राष्ट्रपति ट्रंप ने हमें लड़ाई रोकने के लिए राजी करके कम से कम एक करोड़ लोगों की जान बचाई।’

तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से भारत ने किया इनकार

ट्रंप ने कहा, 'मेरे विचार में वे परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहे थे। शुल्क के बिना युद्ध रुकवाना संभव नहीं होता।’ट्रंप ने पिछले साल 10 मई से लेकर अब तक कई बार भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने का दावा किया है। उन्होंने 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वाशिंगटन की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद दोनों पड़ोसी देशों ने सैन्य टकराव को 'पूर्ण और तत्काल’रोकने पर सहमति जताई। भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार किया है।

भारत ने पिछले साल सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article