दुनिया

Bangladesh Earthquake: बांग्लादेश भूकंप में तीन की मौत और 10 घायल, रिक्टर स्केल पर 5.7 मापी गई तीव्रता

बांग्लादेश की राजधानी ढाका और देश के दूसरे हिस्सों में शुक्रवार को 5.7 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप आने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई

Image

बांग्लादेश में लगे भूकंप के झटके

Bangladesh Earthquake: बांग्लादेश की राजधानी ढाका और देश के दूसरे हिस्सों में शुक्रवार को 5.7 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप आने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गए। भूकंप की वजह से ढाका के अरमानीटोला के कोसाइतुली इलाके में एक पांच मंजिला इमारत की ईंटों की बनी रेलिंग ढह गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और दस घायल हुए।

वहीं घटना की पुष्टि करते हुए, ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस लालबाग डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर मलिक अहसान उद्दीन सामी ने कहा, "हमें फायर सर्विस और सिविल डिफेंस रेस्क्यू टीम ने बताया है कि अरमानीटोला के कोसाइतुली में एक पांच मंजिला इमारत से रेलिंग, बांस का मचान और मलबा आने-जाने वालों पर गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। एक और की हालत गंभीर है।”

बंशल पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर आशीष कुमार घोष ने कहा, 'भूकंप के दौरान इमारत की रेलिंग गिरने से तीन पैदल चलने वालों की मौत हो गई। हमारी टीम ग्राउंड पर है। शवों को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन हम अभी तक दूसरों की पहचान नहीं कर पाए हैं।'

रिपोर्ट्स अनुसार जब इमारत गिरी तो पीड़ित वहां से गुजर रहे थे। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक और ने ढाका के मिटफोर्ड हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया।बांग्लादेश के एक जाने-माने अखबार ने वहां के एक स्थानीय इमरान हुसैन के हवाले से बताया, 'भूकंप आने के बाद, एक बिल्डिंग की छत पर लगा मोबाइल नेटवर्क टावर दूसरी बिल्डिंग पर गिर गया। टावर बिल्डिंग की बालकनी पर गिरा और मलबा वहां के कुछ स्थानीय लोगों पर गिर गया। इससे उन लोगों की मौत हो गई।'

वहां की स्थानीय मीडिया ने बांग्लादेश मौसम विभाग के हवाले से बताया कि भूकंप सुबह आया और इसका सेंटर नरसिंगडी जिले के माधबडी में था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।भूकंप की वजह से कई सेकंड तक धरती हिलती रही। इससे ढाका में कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों से इमारतों में हल्की दरारें आने की खबरें आई हैं।ये भी खबरें आ रही हैं कि बांग्लादेश के कई जिलों में झटके महसूस किए गए, जिनमें चांदपुर, निलफामारी, सीताकुंडा, सिराजगंज, नारायणगंज, पटुआखली, बोगुरा, बरिसाल और मौलवीबाजार शामिल हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article