दुनिया

US News: ट्रंप के 'समधी' होंगे फ्रांस के नए 'राजदूत', विवादों से जुड़ा रहा है नाता

US News: अमेरिकी सीनेट ने ट्रंप के दामाद के पिता की फ्रांस के राजदूत के तौर पर नियुक्ति पर मुहर लगा दी है, वह 'कुशनर कंपनीज' नामक 'रियल एस्टेट' फर्म के संस्थापक हैं।

Image

चार्ल्स कुशनर की फ्रांस के राजदूत के रूप में नियुक्ति पर लगी मुहर

अमेरिकी सीनेट ने 'रियल एस्टेट' कारोबारी चार्ल्स कुशनर की फ्रांस के राजदूत के रूप में नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। कुशनर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर के पिता हैं।कर चोरी और चुनाव प्रचार अभियान के दौरान अवैध रूप से दान करने के आरोप में सालों पहले दोषी ठहराए गए चार्ल्स कुशनर को दिसंबर 2020 में ट्रंप ने माफी दे दी थी।

कुशनर के पक्ष में 45 के मुकाबले 51 मत पड़े। वह 'कुशनर कंपनीज' नामक 'रियल एस्टेट' फर्म के संस्थापक हैं। उनके बेटे जैरेड ट्रंप के पूर्व कार्यकाल में 'व्हाइट हाउस' (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के वरिष्ठ सलाहकार रह चुके हैं। जैरेड कुशनर की शादी ट्रंप की सबसे बड़ी बेटी इवांका से हुई है।

ट्रंप ने पिछले साल नवंबर में चार्ल्स कुशनर को नामित करने के अपने इरादे की घोषणा करते समय उन्हें 'एक कुशल कारोबारी , परोपकारी और सौदा करने में माहिर शख्स' बताया था।

'फ्रांस को रक्षा क्षेत्र में अधिक निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे'

चार्ल्स कुशनर फ्रांस जाएंगे क्योंकि दोनों पारंपरिक सहयोगियों के बीच तथा अमेरिका और शेष यूरोप के बीच संबंध ट्रंप की व्यापार नीतियों और यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की भूमिका के कारण तनावपूर्ण हो गए हैं। इस महीने की शुरुआत में अपने नाम पर पुष्टि के लिए सीनेट में सुनवाई के दौरान कुशनर ने कहा था कि वह फ्रांस के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि दोनों देशों के महत्वपूर्ण आर्थिक संबंधों में अधिक संतुलन लाया जा सके और वह फ्रांस को रक्षा क्षेत्र में अधिक निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

(भाषा इनपुट)

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article