Mamdani meets Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की मुलाकात शुक्रवार को व्हाइट हाउस में हुई। खास बात यह रही है कि ममदानी पर तीखा हमला करने वाले ट्रंप के सुर इस मुलाकात के दौरान बदल गए और उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि ममदादी उन्हें यदि 'फासिस्ट' कहना जारी रखते हैं तो भी उन्हें 'कोई आपत्ति नहीं होगी।' दरअसल, मेयर चुनाव में ममदानी ने कई बार ट्रंप को 'फासिस्ट' कहा।
...तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं-ट्रंप
व्हाइट हाउस में एक रिपोर्टर द्वारा ममदानी से यह सवाल करने पर कि क्या वह अब भी अपनी बात पर कायम रहेंगे, इस पर ममदानी ने कहा कि 'वह इस बारे में अपनी बात कह चुके हैं।' तभी ट्रंप ने बीच में दखल देते हुए कहा कि 'इसमें कोई दिक्कत नहीं है। आप हां कह सकते हैं। यह सफाई देने से आसान है। आप मुझे यदि फासिस्ट कहते हैं तो भी मुझे कोई परेशानी नहीं है।'
ट्रंप ने मुलाकात को 'शानदार और रचनात्मक' बताया
सीएनएन के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ने ओवल ऑफिस में जोहरान से अपनी मुलाकात को बहुत 'शानदार और बहुत ही रचनात्मक' बताया। ट्रंप ने कहा कि हम दोनों में एक चीज बहुत ही कॉमन है, वह यह कि हम दोनों ही न्यूयॉर्क सिटी से बहुत प्यार करते हैं। इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि ‘यह बहुत कुछ बताता है, कल व्हाइट हाउस में एक कम्युनिस्ट (नेता) आ रहे हैं, क्योंकि डेमोक्रेट पार्टी ने उसे देश के सबसे बड़े शहर के महापौर के रूप में चुना है।’
राष्ट्रपति ट्रंप किसी से भी मिलने को तैयार-लेविट
उन्होंने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है और यह भी दर्शाता है कि राष्ट्रपति ट्रंप किसी से भी मिलने और किसी से भी बात करने के लिए तैयार हैं, और अमेरिकी जनता के हित में सही काम करने की कोशिश करते हैं—चाहे वे ‘ब्लू स्टेट्स’ में रहते हों या ‘रेड स्टेट्स’ में, या ‘ब्लू सिटीज़’ में—ऐसे शहर में जो अब पहले की तुलना में कहीं अधिक वामपंथी होता जा रहा है, जितना कि मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ने न्यूयॉर्क में इतने वर्षों से रहने के दौरान कभी सोचा होगा। लेविट ने इस बात का ब्योरा नहीं दिया कि ममदानी और ट्रंप के बीच पहली मुलाकात में क्या हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि आप सभी सीधे उनसे (अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप) सुनेंगे।'
ट्रंप के साथ मेरी कई असहमतियां-ममदानी
बैठक से पहले, ममदानी ने न्यूयॉर्क में संवाददाताओं से कहा कि हालांकि ट्रंप के साथ उनकी कई असहमतियां हैं, लेकिन वह न्यूयॉर्कवासियों को लाभ पहुंचाने वाले किसी भी एजेंडे पर अमेरिकी नेता के साथ काम करेंगे। ममदानी ने कहा कि उनकी टीम ने इस मुलाकात के लिये व्हाइट हाउस से संपर्क किया था। उन्होंने कहा, ‘न्यूयॉर्क में रहने वाले 85 लाख लोगों के जीवन को सुचारू और बेहतर बनाने के लिए किसी के भी साथ काम करूंगा।’
