London Shooting: लंदन के दक्षिणी इलाके में रविवार को हुई अंधाधुंध गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाओं के बाद दहशत फैल गई। गोलीबारी में एक बुजुर्ग समेत कम से कम चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना स्थल से करीब 700 मीटर दूर एक 31 वर्षीय व्यक्ति गंभीर हालत में मिला, जिसे चाकू से गोदा गया था। पुलिस दोनों घटनाओं के आपस में जुड़े होने की आशंका जता रही है।
25 वर्षीय युवक की हालत गंभीर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी की घटना ब्रिक्सटन (Brixton) में हुई। घायलों में 25 वर्षीय एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर है, जिनमें 70 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, उन्हें शनिवार तड़के करीब 1:14 बजे कोल्डहार्बर लेन से गोलीबारी की सूचना मिली थी, जबकि लगभग एक घंटे बाद पास के एकरे लेन में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली।
चाकू से कई बार गोदा
चाकूबाजी की घटना में घायल हुए 31 वर्षीय व्यक्ति को कई बार चाकू से गोदा गया, जिसके चलते उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि क्या दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्पेशल क्राइम टीम मौके पर पहुंची। कुछ घायलों का मौके पर ही इलाज किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को ट्रॉमा सेंटर और नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना को लेकर अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। बकौल पुलिस, आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हमला एक भीड़भाड़ वाली बारबेक्यू पार्टी के दौरान हुआ। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
