दुनिया

Elon Musk को रास न आया Twitter चीफ का पद! बोले- हट जाऊं क्या; लोग लगे पूछने- पहले ही तो नहीं ढूंढ लिया रीप्लेसमेंट?

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 19, 2022, 08:19 AM IST

यूएस के कारोबारी एलन मस्क के इस पोल वाले ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी रिएक्ट किया। @Lukewearechange के हैंडल से तंज कसते हुए कहा गया- पोल खत्म होने से दो घंटे पहले वह उत्तराधिकारी का ऐलान कर देंगे, जो सभी को चौंका देगा।

Image

Elon Musk's new Poll

Photo : Twitter

अमेरिकी उद्योगपति, स्पेसएक्स के संस्थापक और टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर में बड़े बदलावों के बाद और भी बड़ा कदम उठा सकते हैं। जी हां, यह कदम उनकी टि्वटर चीफ गद्दी से जुड़ा है। दरअसल, सोमवार (19 दिसंबर, 2022) को उन्होंने सार्वजनिक तौर पर पूछा कि क्या वह टि्वटर हेड के नाते हट जाएं?

यह सवाल उन्होंने एक ट्वीट में पोल के जरिए लोगों के सामने रखा है। उनके ट्वीट के मुताबिक, "क्या मुझे ट्विटर के प्रमुख के रूप में पद छोड़ देना चाहिए? मैं इस पोल के रिजल्ट्स का पालन करूंगा।" मस्क नतीजे आने के बाद क्या करेंगे...? यह तो समय और वहीं जानें, पर सोमवार सुबह सात बजकर 50 मिनट तक (भारतीय समयानुसार) पोल के नतीजों में 57 फीसदी लोगों की राय हां में थी, जबकि 43 फीसदी लोगों ने न में जवाब दिया था।

Elon Musk Poll Result by Early Morning

19 दिसंबर, 2022 की सुबह सात बजकर 50 मिनट तक पोल रिजल्ट का यह हाल था। हालांकि, यह फाइनल रिजल्ट नहीं है और अभी और लोग भी इस पोल के तहत वोट डालेंगे। ऐसे में तस्वीर बदल भी सकती है।

मस्क के इस पोल से जुड़े ट्वीट पर लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और इस बीच @WallStreetSilv ने कहा, "मुझे आशंका है कि उन्होंने पहले ही रीप्लेसमेंट चुन लिया है और यह महज देखने भर के लिए पोल है कि वे लोग सचमुच में फैसला ले रहे हैं।" @Ali_Albukhaiti ने लिखा- मुझे लगता है कि वह टि्वटर छोड़ना चाहते हैं, क्योंकि इससे टेस्ला और स्पेस एक्स को नुकसान हुआ और क्योंकि वह स्मार्ट हैं इसलिए वह इसे वोटिंग के जरिए छोड़ना चाहते हैं। न कि शेयरधारकों के दबाव के चलते।

@rahulsood के हैंडल से लिखा गया- मुझे लगता है कि मस्क के पास कमाल के आइडिया हैं, पर उन्हें किसी और को चार्ज दे देना चाहिए और टेस्ला पर ध्यान देना चाहिए। चलिए, 2023 में सीटी डिलीवर करते हैं! साथ ही टि्वटर में 10 गुणा पोटेंशियल है, जिसके लिए उन्होंने कीमत चुकाई थी। आप उस पर बारीक नजर रखें, पर उसे बनाने के लिए ऑपरेटर खोज लें।

मस्क ने पिछले हफ्ते टेस्ला के 3.58 अरब डॉलर के शेयर बेच दिए। हालांकि, यह साफ नहीं किया कि उससे हुई इनकम का उन्होंने क्या किया। अप्रैल से अब तक वह टेस्ला के 23 अरब डॉलर के शेयर बेच चुके हैं और वहां से हासिल हुई अधिकांश रकम का इस्तेमाल वह 44 अरब डॉलर में हुई ट्विटर डील में करेंगे। दरअसल, टेस्ला के शेयरों में अप्रैल से गिरावट आ रही है, जब मस्क ने ट्विटर को खरीदने का ऐलान किया था।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article