दुनिया

फायरिंग के वक्त व्हाइट हाउस में मौजूद थे रिपोर्टर, गोलीबारी की आवाज सुन वहां से भागे, ब्रीफिंग रूम में ली शरण, Video

खास बात यह है कि गोलीबारी की इस घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इस बीच खबर है कि सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया है।

Image

वाशिंगटन डीसी में फायरिंग।

Photo : AP

Firing near White House: वाशिंगटन डीसी में गोलीबारी की जब घटना हुई तो व्हाइट हाउस में कई मीडिया चैनलों के रिपोर्टर मौजूद थे। उन्होंने जब फायरिंग की आवाज सुनी तो अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनने के बाद रिपोर्टर वहां से भागते नजर आए। वहां से रिपोर्टर्स के निकलने के कई वीडियो सामने आए हैं। खास बात यह है कि गोलीबारी की इस घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इस बीच खबर है कि सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया है। हमलावर की इस गोलीबारी में एक व्यक्ति भी घायल हुआ है।

चेकप्वाइंट पर आए हमलावर ने की गोलीबारी

गोलीबारी की इस घटना पर अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने शनिवार देर रात बयान जारी किया। सुरक्षा एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, शाम करीब 6 बजे के बाद एक व्यक्ति चेकपॉइंट के पास पहुंचा, उसने अपने बैग से हथियार निकाला और वहां तैनात अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध घायल हो गया। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

गोली लगने से घायल हुआ एक राहगीर

घटना में एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हुआ। हालांकि, कानून प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह व्यक्ति संदिग्ध की शुरुआती गोलीबारी में घायल हुआ या बाद में अधिकारियों द्वारा चलाई गई गोलियों से। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि उसके किसी भी अधिकारी को चोट नहीं आई और उस समय व्हाइट हाउस में मौजूद राष्ट्रपति ट्रंप इस घटना से 'प्रभावित नहीं' हुए।

ब्रीफिंग रूम में भेजे गए पत्रकार

शनिवार को व्हाइट हाउस में काम कर रहे पत्रकारों ने बताया कि उन्होंने कई गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद उन्हें प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए। गोलीबारी की इस घटना के बाद व्हाइट हाउस और उसके आस-पास सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक-चौबंद कर दी गई है।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article